लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया) – भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की ओर से संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती की पूर्व संध्या पर प्रदेश कार्यालय में दीपोत्सव आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष निहाल चंद मेघवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु रविदास जी केवल संत नहीं बल्कि समानता, मानव गरिमा और सामाजिक न्याय के प्रवक्ता थे। उनका संदेश था कि मनुष्य की पहचान जन्म से नहीं बल्कि कर्म से होती है।
सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर गुरु रविदास जी को श्रद्धांजलि दी। निहाल चंद ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि राजस्थान के प्रत्येक बूथ पर जयंती समारोह मनाया जाए। उन्होंने बताया कि 1 फरवरी को रविदास मंदिरों में पूजा-अर्चना एवं संत-महात्माओं का सम्मान किया जाएगा, जबकि 2 से 7 फरवरी तक मंडल स्तर पर गुरु रविदास जी के जीवन और विचारों पर संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी।
प्रदेश संयोजक बी. एल. नवल ने बताया कि इस अभियान में भाजपा के जिला, मंडल और बूथ पदाधिकारी, सांसद, विधायक और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
दीपोत्सव कार्यक्रम में भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी, कार्यालय सचिव मुकेश पारीक, पूर्व विधायक अमृता मेघवाल, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ संयोजक राजेंद्र सिंह शेखावत, मोर्चा पूर्व अध्यक्ष गणपत वर्मा, समारोह सह संयोजक मुकेश किराड सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















































