लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गांव-ढाणियों में पीले चावल बांटकर दिया जा रहा निमंत्रण
समदड़ी। क्षेत्र के जेठन्तरी गांव में 1 फरवरी को विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन को लेकर स्थानीय सनातन धर्म समिति द्वारा गांव-ढाणियों में पीले चावल बांटकर आमजन और महिला मातृशक्ति को भाग लेने का निमंत्रण दिया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को कांकराला–विरधाणियों की ढाणी में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें सम्मेलन को सफल बनाने को लेकर चर्चा की गई और अधिक से अधिक संख्या में लोगों से सम्मेलन में शामिल होने का आह्वान किया गया।
सनातन धर्म समिति के सकल हिंदू टीकम सिंह राजपुरोहित ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में जेठन्तरी गांव में विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में ऐसे आयोजनों की श्रृंखला चलाई जा रही है। संघ की स्थापना वर्ष 1925 में महाराष्ट्र के नागपुर में हुई थी, जो आज एक वटवृक्ष के रूप में देशभर में सक्रिय है।
उन्होंने बताया कि शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस सम्मेलन में कई संत-महात्माओं का सान्निध्य प्राप्त होगा। यह सम्मेलन धर्म, संस्कृति और हिंदू समाज की एकता का प्रतीक बताया गया है।
विराट हिंदू सम्मेलन 1 फरवरी को सुबह 11 बजे से जेठन्तरी मेला मैदान स्थित हनुमान जी मंदिर परिसर में आयोजित होगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।















































