लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजस्व एवं उपनिवेशन विभाग मंत्री ने किया ध्वजारोहण, ली मार्च पास्ट की सलामी
विकसित राष्ट्र के संकल्प को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक: मंत्री हेमन्त मीणा
प्रतापगढ़ । गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर मोहनलाल सुखाड़िया स्टेडियम में सोमवार को जिला स्तरीय समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि राजस्व एवं उपनिवेशन विभाग मंत्री हेमन्त मीणा ने ध्वजारोहण किया तथा परेड की सलामी ली। इसके पश्चात उन्होंने परेड का निरीक्षण किया।
समारोह में अतिरिक्त जिला कलेक्टर विजयेश कुमार पंड्या द्वारा महामहिम राज्यपाल का संदेश वाचन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मार्च पास्ट, पीटी प्रदर्शन, सामूहिक नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, झांकी प्रदर्शन, पुरस्कार वितरण एवं मुख्य अतिथि का उद्बोधन आयोजित किया गया।
मंत्री हेमन्त मीणा ने जिलेवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम देश का 77वां गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। यह दिवस हमारे संविधान की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी में राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी, ऊर्जा एवं सकारात्मक सोच का संचार होता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। सरकार का संकल्प है कि गांव, गरीब, शोषित और वंचित वर्ग तक सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों का लाभ पहुंचे। जनजाति क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अनेक नीतिगत एवं कल्याणकारी निर्णय लिए जा रहे हैं।
मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा लागू वीजी रामजी योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य किए जाएंगे। साथ ही राइजिंग राजस्थान अभियान के तहत किए गए एमओयू प्रदेश के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को नई गति देंगे। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल समस्या के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा सुहागपुरा में 132 केवी जीएसएस का कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को सामूहिक रूप से योगदान देना होगा। आने वाले समय में प्रतापगढ़ जिला विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम बने आकर्षण का केंद्र
समारोह में लक्ष्य इंटरनेशनल स्कूल, सेंट पॉल, एमजीजीएस पालीवाल गली, जनजाति आवासीय विद्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने तालियों की गूंज से सराहा। जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक जनजातीय नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
झांकियों में शिक्षा विभाग प्रथम
विभिन्न विभागों द्वारा झांकियों के माध्यम से विभागीय योजनाओं एवं कार्यों का प्रदर्शन किया गया। झांकी प्रतियोगिता में शिक्षा विभाग को प्रथम, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था को द्वितीय तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
परेड व पीटी प्रदर्शन से दिया एकता का संदेश
गणतंत्र दिवस समारोह में जनजाति आवासीय विद्यालय, राउमावि बालक, सैफिया उमावि, आदर्श सरस्वती बालिका विद्यालय, आदर्श अंकुर विद्यालय, एकलव्य मॉडल स्कूल, बीबीएन स्कूल, बालिका उमावि एवं जैन भट्टारक यशकीर्ति उमावि के विद्यार्थियों ने परेड, पीटी, पिरामिड एवं व्यायाम प्रदर्शन कर एकता, अनुशासन एवं साहस का संदेश दिया।
प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
जिला स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर मंत्री हेमन्त मीणा, नगर परिषद सभापति रामकन्या गुर्जर, जिला कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया एवं जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नगर परिषद सभापति रामकन्या गुर्जर, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। मंच संचालन सुरेन्द्र सुमन एवं नीलम कटलाना द्वारा किया गया।















































