लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
क्लस्टर बैठक कर ग्राम पंचायत को सौंपा विस्तृत प्रस्ताव
राजसमंद | गौतम शर्मा
राजसमंद जिले में खाद्य सुरक्षा योजना से वंचित गरीब परिवारों को उनका हक दिलाने के लिए राजसमंद जन विकास संस्था महिला मंच ने सराहनीय पहल की है। महिला मंच की शकुंतला पामेचा के निर्देशन में भीम ब्लॉक अंतर्गत संचालित कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत दिवेर के गांवों में रहने वाले पात्र लेकिन वंचित परिवारों के लिए क्लस्टर बैठक का आयोजन किया गया।
पात्र परिवारों की सूची तैयार
बैठक में महिला लीडरों ने ऐसे परिवारों की पहचान की, जो खाद्य सुरक्षा योजना के पात्र होने के बावजूद राशन के लाभ से वंचित हैं। सभी पात्र परिवारों की जानकारी एकत्र कर विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया गया, ताकि उन्हें शीघ्र योजना में जोड़ा जा सके।
पंचायत सचिव को सौंपा प्रस्ताव
इसके पश्चात संस्था की कार्यकर्ता सीता रैगर एवं महिला लीडर प्रेमा देवी, केली देवी, कुसुमलता, मंजू, दाखु बाई और कैलाशी देवी ने संयुक्त रूप से यह प्रस्ताव सचिव, ग्राम पंचायत दिवेर को सौंपा।
जनप्रतिनिधियों का मिला सहयोग
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने भी सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर उप सरपंच धन्नी देवी, वार्ड पंच राजू सिंह, उदय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
वंचित परिवारों में जगी उम्मीद
महिला मंच की इस पहल से खाद्य सुरक्षा योजना से वंचित गरीब परिवारों में लाभ मिलने की नई उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने महिला मंच के प्रयासों की खुले मन से सराहना करते हुए इसे सामाजिक सरोकार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।











































