लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
वैद्य हंसराज चोधरी ने पूर्णायु अनुसंधान विद्यापीठ का किया निरीक्षण, दी सकारात्मक रिपोर्ट
शाहपुरा | मूलचन्द पेसवानी
दिगम्बर जैन समाज के धर्मगुरु आचार्यश्री समयसागरजी महाराज के आशीर्वाद और मार्गदर्शन में आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल होने जा रही है। श्रीनवग्रह आश्रम सेवा संस्थान, मोतीबोर का खेड़ा के संस्थापक अध्यक्ष एवं प्रख्यात आयुर्वेदाचार्य वैद्य हंसराज चोधरी ने हाल ही में जबलपुर प्रवास के दौरान पूर्णायु आयुर्वेद चिकित्सालय एवं अनुसंधान विद्यापीठ (दयोदयतीर्थ, तिलवाराघाट) का निरीक्षण किया।
आधुनिक सुविधाओं से तैयार हो रहे “आयुर्वेद चिकित्सक”
चोधरी ने काय चिकित्सा, पंचकर्म, शल्य चिकित्सा, रसशाला, विभागीय पुस्तकालय, शव संरक्षण और क्रिया शारीर विभाग का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में कहा कि यहां प्राचीन आयुर्वेद परंपरा और आधुनिक चिकित्सा तकनीक का अद्भुत संगम दिखाई देता है। विद्यापीठ से ऐसे उत्कृष्ट आयुर्वेद चिकित्सक तैयार हो रहे हैं, जो समाज को समग्र स्वास्थ्य प्रदान करेंगे।
छात्रों से संवाद: आयुर्वेद की उपादेयता
निरीक्षण के बाद वैद्य चोधरी ने मेडिकल विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि –
“आयुर्वेद केवल शारीरिक रोगों की चिकित्सा नहीं है, बल्कि यह मन, शरीर और आत्मा को संतुलित रखने वाली जीवन पद्धति है। इसी कारण इसे संपूर्ण स्वास्थ्य का विज्ञान कहा जाता है।”
उन्होंने कैंसर, किडनी और अन्य जटिल रोगों में आयुर्वेद की प्रभावशीलता पर भी प्रकाश डाला।
जैन दर्शन और आयुर्वेद का संगम
चोधरी ने बताया कि जैन दर्शन का मूल आधार अहिंसा और संयम है, जबकि आयुर्वेद प्रकृति के अनुरूप जीवन जीने की प्रेरणा देता है। आचार्यश्री समयसागरजी महाराज के मार्गदर्शन में जब दोनों का संगम होगा तो यह चिकित्सा केवल रोगमुक्ति का साधन नहीं, बल्कि आध्यात्मिक उत्थान का मार्ग भी बनेगी।
विद्यापीठ की विशेषताएं
-
स्थापना: आचार्यश्री विद्यासागरजी महाराज के निर्देशन में
-
वर्तमान संचालन: आचार्यश्री समयसागरजी महाराज के मार्गदर्शन में
-
परिसर: 3 एकड़ में फैला प्रदूषण मुक्त क्षेत्र
-
अस्पताल: 100 बिस्तरों वाला आधुनिक आयुर्वेदिक अस्पताल
प्राचार्य प्रो. डॉ. स्वप्निल सिंघई ने बताया कि संस्थान में छात्रों के समग्र विकास पर विशेष बल दिया जाता है। यहां शिक्षा के साथ-साथ नैतिक और मानवीय मूल्यों को भी जीवन में उतारा जाता है।
नवग्रह आश्रम में होगा राष्ट्रीय सम्मेलन
वैद्य हंसराज चोधरी ने घोषणा की कि शीघ्र ही आचार्यश्री समयसागरजी महाराज के सान्निध्य में नवग्रह आश्रम सेवा संस्थान, मोतीबोर का खेड़ा के तत्वावधान में आयुर्वेद पर एक राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें देशभर के प्रख्यात आयुर्वेदाचार्य, शोधकर्ता और जैन समाज के पदाधिकारी शामिल होंगे।
औषधीय पौधों पर अनुसंधान
पूर्णायु अनुसंधान विद्यापीठ का एक दल आगामी माह नवग्रह आश्रम और वेलनेस सेंटर का दौरा करेगा। यहां 487 प्रकार के औषधीय पौधों और वनस्पति चिकित्सा पद्धति का अध्ययन किया जाएगा। यह अनुसंधान भविष्य की चिकित्सा पद्धति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस पहल के साथ, भीलवाड़ा जिले का नवग्रह आश्रम केवल राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी आयुर्वेद और जैन दर्शन का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में अग्रसर है।












































