लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर | भगवान महावीर कैंसर चिकित्सालय एवं अनुसंधान केन्द्र में बाल कैंसर रोगियों एवं कैंसर विजेताओं के लिए क्रिसमस डे सेलिब्रेशन का भावनात्मक और उल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कैंसर केयर (महिला प्रकोष्ठ) और ड्रीम्ज़ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें बच्चों के लिए कई मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियां कराई गईं।
बच्चों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य इलाज के दौर से गुजर रहे बच्चों एवं कैंसर से जंग जीत चुके सर्वाइवर्स के चेहरों पर मुस्कान लाना और उनमें सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना रहा।
इस अवसर पर अधिशासी निदेशक मेजर जनरल एस.सी. पारीक (सेवानिवृत्त) ने कहा कि कार्यक्रम में शामिल सभी बच्चे सच्चे फाइटर हैं।
उन्होंने कहा, “इनमें से कुछ बच्चे कैंसर की जंग जीत चुके हैं, जबकि कुछ अभी संघर्ष कर रहे हैं। हमें इन बच्चों से सीखना चाहिए कि कठिन परिस्थितियों में भी कैसे खुश रहा जाए।”
सांताक्लॉज संग खेल, नृत्य और खुशियां
कार्यक्रम में सांताक्लॉज ने बच्चों को उपहार एवं चॉकलेट वितरित किए और उनके साथ खेल व नृत्य कर माहौल को खुशनुमा बना दिया। सांताक्लॉज के साथ बच्चों ने डांस कर कुछ पलों के लिए अपने दर्द और परेशानियों को भुला दिया।
सेलिब्रेशन के दौरान बाल रोगियों द्वारा डांस, कविता और गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। इसके अलावा संगीत कार्यक्रम, खेल गतिविधियां एवं पास-द-पार्सल जैसे मनोरंजक खेल आयोजित किए गए, जिनमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
उपहार पाकर खिले बच्चों के चेहरे
कार्यक्रम के अंत में सुमर कोठारी एवं प्रीयल गर्ग की ओर से बच्चों को उपहार वितरित किए गए, जिससे बच्चों के चेहरों पर विशेष खुशी देखने को मिली।
4800 से अधिक बच्चों की ख्वाहिशें हुईं पूरी
चिकित्सालय की वरिष्ठ उपाध्यक्षा अनिला कोठारी ने बताया कि क्रिसमस पर सांताक्लॉज का बच्चों को बेसब्री से इंतजार रहता है।
उन्होंने कहा, “हमें इन बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने का कोई भी अवसर नहीं छोड़ना चाहिए।”
उन्होंने जानकारी दी कि ड्रीम्ज़ फाउंडेशन के माध्यम से अस्पताल में भर्ती 1 से 18 वर्ष आयु के 4800 से अधिक बाल कैंसर रोगियों की ख्वाहिशें पूरी की जा चुकी हैं।
इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन, कैंसर केयर एवं ड्रीम्ज़ फाउंडेशन के सदस्य उपस्थित रहे।


















































