लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
जयपुर-आगरा हाईवे पर बड़ा हादसा:
भुसावर (भरतपुर)।
शनिवार दोपहर भुसावर के खेड़ली मोड़ थाना क्षेत्र में एक उत्तर प्रदेश रोडवेज बस अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में 70 सवारियों में से 30 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को महुआ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर घायलों को जयपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, आगरा डिपो की बस जयपुर से आगरा की ओर जा रही थी। दोपहर करीब 2 बजे बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बबूल के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस पेड़ को चीरते हुए आगे निकल गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई, और राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
7 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। ड्राइवर और कंडक्टर को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और बस को सड़क से हटवाया। हादसे के कारण कुछ देर तक हाईवे पर ट्रैफिक जाम भी लगा रहा।













































