लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सवर्ण समाज ने रैली निकालकर किया शक्ति प्रदर्शन, ‘काला कानून वापस लो’ के लगे नारे
— बनी सिंह मीना
गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर
गंगापुर सिटी (सवाई माधोपुर)। यूजीसी के नए कानून के विरोध में सवर्ण समाज सड़कों पर उतर आया। सोमवार को सवर्ण समाज के लोगों ने गंगापुर सिटी में रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और कानून को वापस लेने की मांग की।
रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने “यूजीसी का काला कानून वापस लो” और “शिक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं चलेगा” जैसे नारे लगाए, जिससे शहर का माहौल गूंज उठा। इसके बाद सवर्ण समाज के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) को सौंपा।
शिक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव का आरोप
सवर्ण समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि यूजीसी का नया कानून शिक्षा व्यवस्था के लिए नुकसानदायक है और इससे योग्यता की अनदेखी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कानून सामाजिक संतुलन और शैक्षणिक गुणवत्ता को प्रभावित करेगा।
सरकार से कानून वापस लेने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से यूजीसी के नए कानून को तत्काल वापस लेने की मांग की। समाज के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के लोग मौजूद रहे और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।















































