लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर से नितिन मेहरा
अजमेर। किशनगढ़ में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा स्थानीय सांसद भागीरथ चौधरी ने अपने मुख्यालय स्थित आवास एवं कार्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में आमजन और कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने हर मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए।

सीधे आमजन तक पहुंच रहा है योजनाओं का लाभ
जनसुनवाई के दौरान केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजना लाल शर्मा के नेतृत्व में डबल इंजन की भाजपा सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की जनकल्याणकारी योजनाएं अब बिना किसी बाधा और देरी के सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा हो रही हैं।
भागीरथ चौधरी ने कहा—
“पहले सरकार ₹1 भेजती थी, तो जनता तक सिर्फ 15 पैसे पहुंचते थे, लेकिन आज किसी भी योजना का लाभ सीधे पात्र व्यक्ति के खाते में जाता है। इससे बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह समाप्त हो गई है।”

सभी वर्गों के जीवन में हो रहा निरंतर सुधार
जनसुनवाई में किशनगढ़ सहित पूरे अजमेर संसदीय क्षेत्र से आए नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं साझा कीं। मंत्री ने क्षेत्रीय विकास, जन समस्याओं और सरकारी योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने कहा कि—
-
देश का इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से विकसित हो रहा है
-
सीमाएं पहले से अधिक सुरक्षित हैं
-
किसान, मजदूर, महिला और युवा—सभी वर्गों का जीवन स्तर लगातार बेहतर हो रहा है

भागीरथ चौधरी ने उपस्थित नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी और वे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर तत्पर रहेंगे।













































