लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
लायंस क्लब भीलवाड़ा द्वारा लायंस आई हॉस्पिटल के तत्वावधान में आयोजित विशाल निःशुल्क नेत्र जांच एवं ऑपरेशन शिविर में 91 रोगियों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 41 रोगियों के सफलतापूर्वक मोतियाबिंद ऑपरेशन किए गए। सभी ऑपरेशन डॉ. अंशु बोरदिया एवं उनकी टीम द्वारा किए गए।
शिविर में बतौर मुख्य अतिथि एडवोकेट हेमेन्द्र शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब पीड़ित मानवता की निःस्वार्थ सेवा कर मानवता की अनूठी मिसाल कायम कर रहा है। उन्होंने जरूरतमंदों के लिए क्लब द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए सभी को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष एडवोकेट पवन पंवार ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पवन ओला, लायन शिरीश जैन एवं भामाशाह लायन पवन खेमका मौजूद रहे। इस अवसर पर जिन रोगियों के ऑपरेशन हुए, उन्हें लायंस क्लब के 2100 निःशुल्क कंबल वितरण अभियान के तहत कंबल वितरित किए गए।
लायन जे.पी. अग्रवाल एवं लायन विनोद जैन ने बताया कि ऑपरेशन के बाद सभी रोगियों को आवश्यक दवाइयां, निःशुल्क चश्मे एवं डिस्चार्ज टिकट प्रदान कर ससम्मान उनके घर के लिए रवाना किया गया।
डॉ. पवन ओला ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए नेत्रदान को मानव जीवन का एक अत्यंत आवश्यक कार्य बताया और नशा मुक्ति के लिए सभी को प्रेरित किया।
क्लब अध्यक्ष पवन पंवार ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आश्वस्त किया कि लायंस क्लब भीलवाड़ा वर्षभर जरूरतमंदों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहेगा। कार्यक्रम के दौरान प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान के तहत कपड़े के थैले भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का सफल संचालन लायन विनोद जैन ने किया। शिविर को सफल बनाने में अस्पताल प्रभारी लायन जे.के. बागडोदिया, लायन एल.बी. रांका, लायन विनोद जैन, लायन जे.पी. अग्रवाल सहित सभी लायंस सदस्यों, पदाधिकारियों एवं हॉस्पिटल स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।










































