लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
शिव बारात के रंग में रंगी सांवरिया बस्ती
भीलवाड़ा | सवाई भोज नगर। सांवरिया बस्ती (वार्ड 19-20) में रविवार को आयोजित ‘बस्ती विराट हिंदू सम्मेलन’ ने हिंदू शक्ति, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना का भव्य प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और बस्तीवासी शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल वार्ड नंबर 19 स्थित सहजानंद आश्रम से प्रभात फेरी के साथ हुआ। प्रभात फेरी के दौरान भजन-कीर्तन के माध्यम से जन-जागरण किया गया तथा दोपहर में निकलने वाली शिव बारात और ‘एक संगत–एक पंगत’ (सामूहिक भोज) की जानकारी दी गई। हाथों में भगवा ध्वज लिए श्रद्धालुओं ने ‘जय श्रीराम’ के जयघोष के साथ पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।
सांवरिया सेठ मंदिर से निकली भव्य शिव बारात
सांवरिया बस्ती स्थित श्री सांवरिया सेठ मंदिर से जब भव्य शिव बारात का शुभारंभ हुआ, तो मानो कैलाश पर्वत धरती पर उतर आया हो। आकर्षक सजीव झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। बस्ती के युवाओं ने देवस्वरूप धारण कर श्रद्धालुओं को पौराणिक युग का सजीव अनुभव कराया।
महादेव और माता पार्वती के रूप में दिनेश व दिलखुश सेन, भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी के रूप में दर्पण व कनक लोढ़ा, ब्रह्मा के रूप में शिवरतन पारीक तथा नारद मुनि के रूप में कलाकार रामचंद्र मूंदड़ा की प्रस्तुतियों ने विशेष आकर्षण बटोरा। बस्ती की बालिकाओं द्वारा सजाया गया राम दरबार भी श्रद्धा का केंद्र रहा। शिव बारात में शामिल सभी पुरुषों द्वारा धारण किए गए केसरिया साफे एकता और सनातन संस्कृति के प्रतीक बने।
अखाड़े के रोमांचक करतब, नारी शक्ति का शौर्य प्रदर्शन
शोभा यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा, तिलक और सामूहिक आरती के माध्यम से स्वागत किया गया। कार्यक्रम का सबसे ऊर्जावान आकर्षण रहा ‘दुर्गा शक्ति अखाड़ा’, जहां अखाड़ा प्रमुख बहन कविता एवं उनकी टीम ने लाठी और साहसी करतबों से नारी शक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया। महिलाओं की भजन मंडलियों और नृत्य ने वातावरण को और अधिक उल्लासपूर्ण बना दिया।
भव्य शिव बारात मुख्य मार्गों से होती हुई आज़ाद नगर स्थित अग्रसेन मांगलिक भवन पर संपन्न हुई।
मंचीय कार्यक्रम व संतों का सानिध्य
अग्रसेन मांगलिक भवन में आयोजित मंचीय कार्यक्रम में सहजानंद आश्रम के श्रद्धानंद जी महाराज, संकट मोचन बालाजी मंदिर के रामनिवास महाराज सहित कई संत, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मंचासीन रहे। दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
संघ की प्रस्तावना रखते हुए समिति कार्यकर्ता कैलाश विश्नोई ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों की यात्रा और उसके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। हिंदुत्व युवा संघ की टीम द्वारा प्रस्तुत महाकाल आरती ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
मुख्य वक्ता का उद्बोधन
मुख्य वक्ता दीपक सेन (महानगर कार्यवाह) ने संघ के शताब्दी वर्ष को स्वयंसेवकों के समर्पण, तपस्या और राष्ट्रसेवा की गाथा बताया। उन्होंने शाखा पद्धति, प्रचारक जीवन और ‘व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण’ के सिद्धांत पर विस्तार से विचार रखे।
‘एक संगत–एक पंगत’ बस्ती महाभोज
कार्यक्रम के समापन पर ‘एक संगत–एक पंगत’ अभियान के तहत ऐतिहासिक बस्ती महाभोज का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 4 हजार लोगों ने सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण किया। भोजन मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ शुरू हुए इस आयोजन ने सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे आयोजन जातिगत भेदभाव को मिटाने और समाज को एक सूत्र में पिरोने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम की सफलता पर समिति अध्यक्ष जगदीश पुरोहित ने सभी सहयोगकर्ताओं, कार्यकर्ताओं और दानदाताओं का आभार व्यक्त किया। भारत माता की सामूहिक आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।