लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मेड़ता के तत्वावधान में राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार सोमवार को कस्बे की राइको की ढाणी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में “नई चेतना 4.0” अभियान के तहत लिंग आधारित हिंसा के विरुद्ध विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मेड़ता अरुण कुमार बेरीवाल (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) एवं सचिव स्वाति शर्मा के निर्देशन में हुआ। शिविर में अधिकार मित्र जुगल सिंह ने महिलाओं के मौलिक एवं विधिक अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए लैंगिक उत्पीड़न, दहेज प्रताड़ना, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न, बाल विवाह निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की हिंसा या प्रताड़ना की स्थिति में महिलाएं नालसा की हेल्पलाइन नंबर 15100, 1933 एवं 14446 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए समाज में विधिक जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
शिविर के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों से प्लास्टिक का उपयोग न करने, कपड़े की थैली अपनाने तथा स्वच्छ एवं हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण भी सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक श्यामलाल, शिक्षक सुशील कुमार बेड़ा, बलदेव राम, नोरत राम बेड़ा, रामबक्स पलावा, राजेंद्र फडौदा, अधिकार मित्र जुगल सिंह सोलंकी, राकेश उपाध्याय सहित विद्यालय के विद्यार्थी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अंत में छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और किसी भी प्रकार के अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।