लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौ-संरक्षण भारतीय संस्कृति की आत्मा, हर व्यक्ति आगे आए : विधायक कोठारी
भीलवाड़ा | पंकज पोरवाल
भीलवाड़ा शहर विधायक अशोक कोठारी ने अपने आध्यात्मिक प्रवास के अंतर्गत मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले स्थित स्वामी सुखरामदास वैदिक गुरुकुल, खाचरोद का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सनातन संस्कृति एवं श्रीमद्भगवद्गीता कार्यशाला में सहभागिता कर बच्चों और युवाओं को आध्यात्मिक मूल्यों, संस्कारों तथा भारतीय संस्कृति के महत्व से अवगत कराया।
गीता के संदेशों से बच्चों को किया प्रेरित
कार्यशाला के दौरान विधायक कोठारी ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेश आज के जीवन में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, अनुशासन और कर्तव्यबोध को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मार्गदर्शक युवा संत रामानुराग रामसनेही, गौ वत्स लाल महाराज सहित बड़ी संख्या में सनातन अनुयायी उपस्थित रहे।
गौ-संरक्षण पर दिया विशेष संदेश
परम गौ-भक्त और समाजसेवी के रूप में पहचान रखने वाले विधायक अशोक कोठारी ने अपने प्रवास के दौरान गौ माता के सम्मान, सेवा और संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने परम पूज्य महाराज अवधेश चेतन दास से आशीर्वाद प्राप्त कर गौ-संरक्षण के विषय में मार्गदर्शन लिया।
विधायक कोठारी ने कहा—
“गौ-संरक्षण भारतीय संस्कृति की आत्मा है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस पुण्य कार्य के लिए आगे आना चाहिए।”
उन्होंने सरकार की ओर से गौ-संरक्षण हेतु बजट और योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर भी संतों से मार्गदर्शन मांगा।
नर्मदा तट पर श्रमदान, स्वच्छता का संदेश
आध्यात्मिक प्रवास के दौरान विधायक कोठारी ने ओंकारेश्वर स्थित मां नर्मदा के पावन तट पर स्वच्छता अभियान में भाग लेकर श्रमदान किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
संतजनों ने की सराहना
इस अवसर पर उपस्थित संतजनों एवं अनुयायियों ने विधायक अशोक कोठारी के सहज, सरल व्यक्तित्व और समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल जनसेवा कार्यों की कामना की।
















































