लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राज्य सरकार विकसित राजस्थान 2047 के विजन पर कर रही है कार्य – देवनानी
अजमेर। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूचना केंद्र में आयोजित विकास प्रदर्शनी का विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी एवं अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल ने शुक्रवार को अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदर्शनी के माध्यम से राज्य एवं जिले में विगत दो वर्षों में हुए विकास कार्यों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी अवलोकन के दौरान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि राजस्थान सरकार “विकसित राजस्थान 2047” के विजन को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बीते दो वर्षों में प्रत्येक क्षेत्र में विकास को गति मिली है और बजट घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। 
देवनानी ने बताया कि दोनों बजटों में अजमेर जिले को विशेष प्राथमिकता दी गई है। जिले में पेयजल आपूर्ति के लिए तीन रिजर्वायर, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक, गैस आधारित जीएसएस, लेपर्ड सफारी पार्क, आईटी पार्क, डिजिटल प्लैनेटेरियम, साइंस पार्क, नगर वन तथा शिक्षण संस्थानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य प्रगति पर हैं या पूर्णता की ओर अग्रसर हैं।
इस अवसर पर महापौर बृजलता हाडा, शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, रचित कच्छावा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।













































