लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
वनतारा को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान
नई दिल्ली/वॉशिंग्टन । वन्यजीव संरक्षण और पशु कल्याण के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए अनंत अंबानी को अमेरिका में आयोजित एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय समारोह में ‘ग्लोबल ह्यूमैनिटेरियन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। इस सम्मान के साथ अनंत अंबानी ने इतिहास रचते हुए यह अवॉर्ड पाने वाले सबसे युवा और पहले एशियाई व्यक्तित्व बनने का गौरव हासिल किया। इससे पहले यह सम्मान अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी, बिल क्लिंटन सहित कई वैश्विक नेताओं और हॉलीवुड हस्तियों को दिया जा चुका है।
यह सम्मान अनंत अंबानी को वनतारा में उनके नेतृत्व और जानवरों के बचाव, उपचार, पुनर्वास एवं संरक्षण हेतु किए जा रहे प्रयासों के लिए प्रदान किया गया है। वनतारा आज दुनिया के सबसे विशिष्ट और व्यापक वन्यजीव संरक्षण प्रोजेक्ट्स में शामिल है, जहाँ संकटग्रस्त और घायल जानवरों को नई जिंदगी देने के साथ-साथ लुप्तप्राय प्रजातियों को पुनर्जीवित करने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।
अवार्ड ग्रहण करते हुए अनंत अंबानी ने कहा,
“यह सम्मान मुझे ‘सर्वभूत हित’—सभी जीवों की भलाई—के मार्ग पर और दृढ़ता से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। वनतारा का उद्देश्य हर जीव को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन देना है। संरक्षण भविष्य की नहीं, आज की जिम्मेदारी है।”
पुरस्कार प्रदान करने वाले ग्लोबल ह्यूमन सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने वनतारा की सराहना करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक रेस्क्यू सेंटर नहीं, बल्कि इलाज, देखभाल और संरक्षण—तीनों को एक साथ जोड़ने वाला एक अनूठा और प्रभावी मॉडल है, जिसने वैश्विक स्तर पर पशु कल्याण का नया मानदंड स्थापित किया है।
इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में वन्यजीव संरक्षण क्षेत्र की कई नामी हस्तियाँ उपस्थित रहीं, जिनमें डॉ. जॉन पॉल रोड्रीगेज़, मैथ्यू जेम्स, विलियम स्ट्रीट, थॉमस श्मिड, डॉ. माइकल एड्केसन और कैथलीन डुडजिंस्की शामिल थे। भारत से डॉ. नीलम खैरे, डॉ. वी. बी. प्रकाश और डॉ. के. के. शर्मा ने भी इस समारोह में भाग लिया।
अनंत अंबानी का यह सम्मान न केवल उनके प्रयासों की वैश्विक स्वीकृति है, बल्कि भारत के वन्यजीव संरक्षण क्षेत्र के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।













































