लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर| राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जिला स्तरीय स्मरणोत्सव कार्यक्रम नागौर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला प्रभारी एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी रहे।
सर्किट हाउस में आयोजित समारोह में लगभग 150 स्कूली छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन किया। इसमें रतना बेन कन्या विद्यालय, किशनलाल कांकरिया विद्यालय, एन.एस.एस., और स्काउट-गाइड के छात्र शामिल हुए।
शरद कुमार जोशी ने राष्ट्रगीत का पूर्ण संस्करण प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिनके साथ सत्यपाल सांदू और बालकिशन भाटी ने भी समूह स्वर में सहभागिता की।
इसके बाद मंत्री चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। विद्यार्थियों ने “भारत माता की जय” और “वन्दे मातरम्” के जयघोष के साथ नकाश गेट तक प्रभात फेरी निकाली।
मंत्री चौधरी ने कहा कि “आज का उद्देश्य केवल समारोह आयोजित करना नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति समर्पण और गर्व की भावना जागृत करना है।”
शहीद स्मारक पर दी श्रद्धांजलि
प्रभात फेरी के पश्चात मंत्री चौधरी जनप्रतिनिधियों के साथ मूंडवा तिराहा स्थित शहीद स्मारक पहुंचे। वहां सभी ने अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया और देश की अखंडता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की शपथ ली।
इस अवसर पर किसान आयोग अध्यक्ष सी.आर. चौधरी, मेड़ता विधायक लक्ष्मणराम कलरु, खींवसर विधायक रेवतराम डांगा, भाजपा जिलाध्यक्ष रामधन पोटलिया, पूर्व विधायक मोहनराम चौधरी, भाजपा नेता रमेश अपूर्वा, जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, एडीएम चंपालाल जीनगर, एएसपी सुमित कुमार, वृताधिकारी रामप्रताप बिश्नोई, एसडीएम गोविंद सिंह भीचर, तहसीलदार नरसिंहराम, कृषि अधिकारी शंकरराम सियाग, महावीर सिंह सांदू सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
