लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। विश्व विख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ और मेदांता अस्पताल के चेयरमैन पद्मश्री डॉ. नरेश त्रेहन ने कहा है कि बढ़ती उम्र के साथ वजन पर नियंत्रण और नियमित शारीरिक व्यायाम हृदय रोगों से बचाव में महत्वपूर्ण हैं। यह बातें उन्होंने जयपुर ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स एसोसिएशन (JTOA) द्वारा पिंकसिटी प्रेस क्लब में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में साझा की।
हृदय रोगों से बचाव के तीन सूत्र
डॉ. त्रेहन ने आमजन को बेहतर स्वास्थ्य के लिए तीन मूल आदतें बताईं:
-
नियमित व्यायाम: प्रतिदिन कम से कम 40 मिनट की शारीरिक गतिविधि और सप्ताह में पांच दिन कसरत।
-
वजन पर नियंत्रण: उम्र बढ़ने के साथ वजन बढ़ना हृदय के लिए खतरनाक है। संतुलित आहार और जीवनशैली से वजन नियंत्रित रखें।
-
तनाव प्रबंधन: योग और प्राणायाम अपनाकर मानसिक शांति बनाए रखें। जो लोग सामाजिक रूप से सक्रिय और खुशमिजाज रहते हैं, उनका जीवन लंबा और स्वस्थ होता है।
राजस्थान और गुजरात में चिंता का विषय
डॉ. त्रेहन ने बताया कि भारत में हृदय रोगों का बोझ सबसे अधिक है। राजस्थान और गुजरात में हार्ट रोगियों की संख्या बढ़ रही है, जिसका कारण स्थानीय खान-पान में वसा की अधिकता और तनावपूर्ण जीवनशैली है।
जयपुर से जुड़ा पुराना अनुभव
डॉ. त्रेहन ने बताया कि अमेरिका से लौटने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री भैरोंसिंह शेखावत के आग्रह पर उन्होंने एसएमएस अस्पताल में हृदय रोग विभाग की नींव रखने में मदद की। उन्होंने अस्पताल को आवश्यक मशीनें भी भेंट की थीं, ताकि प्रदेशवासियों को बेहतर इलाज मिल सके।
नागरिक अभिनंदन
कार्यक्रम में JTOA और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने डॉ. त्रेहन का साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और माल्यार्पण कर भव्य अभिनंदन किया। इस अवसर पर जेटीओए अध्यक्ष सतीश जैन, विधायक प्रशांत शर्मा , फोर्टी के सुरजाराम मील, राडा के राजन सरदार, सोनी अस्पताल के के बी आर सोनी, ज्ञान विहार विश्वविद्यालय के सुनील शर्मा और पिंकसिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेश मीणा सहित कई गणमान्य चिकित्सक और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।











































