लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
5 हजार से अधिक नागरिकों ने एक साथ गाया राष्ट्रगीत, देशभक्ति के रंग में रंगा आयोजन
भरतपुर।
राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को जल संसाधन मंत्री एवं जिला प्रभारी सुरेश सिंह रावत के मुख्य आतिथ्य में मास्टर आदित्येन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान 5 हजार से अधिक नागरिकों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम गाकर इस ऐतिहासिक पर्व को उल्लासपूर्वक मनाया।
“वंदे मातरम आजादी आंदोलन का प्राण गीत” — मंत्री सुरेश सिंह रावत
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि “वंदे मातरम राष्ट्रीय चेतना का महान गीत है, जिसने आजादी के आंदोलन को धार दी।”
उन्होंने कहा कि यह गीत हमारी संस्कृति की पहचान और स्वतंत्रता संग्राम के वीरों का प्रेरणास्रोत रहा है।
रावत ने युवाओं से देश के प्रति निष्ठा, एकता और सम्मान को सर्वोच्च मानने तथा प्रकृति, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा में सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को भी याद करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए उनके प्रयास आज भी प्रेरणा स्रोत हैं।
देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने तिरंगा हाथों में लेकर देशभक्ति से भरे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
आर्मी स्कूल के विद्यार्थियों ने वंदे मातरम पर सामूहिक नृत्य किया,
होली मदर विद्यालय की छात्राओं ने गीत की लयबद्ध प्रस्तुति दी,
जबकि टीएम इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने वंदे मातरम की संपूर्ण प्रस्तुति देकर युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाई।
फोटो प्रदर्शनी ने दिखाया वंदे मातरम का इतिहास
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा समारोह स्थल पर वंदे मातरम@150 पर आधारित एक फोटो प्रदर्शनी लगाई गई।
इसमें राष्ट्रीय गीत के लेखन से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन में उसके योगदान तक के प्रेरक प्रसंग, स्वतंत्रता सेनानियों के विचार और राष्ट्रीयता के संदेश को प्रदर्शित किया गया।
प्रदर्शनी का अवलोकन मंत्री सुरेश सिंह रावत, डॉ. जितेंद्र मीणा, डॉ. टीना सोनी (संभागीय आयुक्त), जिला कलक्टर कमर चौधरी, एसपी दिगंत आनंद, और अन्य अधिकारियों ने किया तथा इसे देशभक्ति की भावना जगाने वाला प्रयास बताया।
समारोह में उपस्थित रहे
कार्यक्रम में एसटी आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र मीणा, जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा, पूर्व जिप सदस्य भानु प्रताप राजावत, अतिरिक्त कलक्टर घनश्याम शर्मा, नगर निगम आयुक्त राहुल सैनी, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान और स्काउट-गाइड स्टीकर का विमोचन भी किया गया।

















































