Home latest उदयलाल माली राज्य स्तरीय दिशा समिति में सदस्य मनोनीत

उदयलाल माली राज्य स्तरीय दिशा समिति में सदस्य मनोनीत

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

 

भीलवाड़ा ।
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा गठित राज्य विकास समन्वय और निगरानी समिति – दिशा में भीलवाड़ा जिले के लांबियाकलां निवासी उदयलाल माली को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली दिशा समिति में राज्य स्तरीय सदस्य नियुक्त किया गया है। दिशा समिति के केंद्रीय सचिव पियूष राजन ने आदेश जारी कर उन्हें गैर सरकारी स्टेट लेवल सदस्य मनोनीत किया। पूरे राजस्थान में अभी तक केवल दो गैर सरकारी सदस्यों को ही इस समिति में शामिल किया गया है, जिनमें उदयलाल माली का चयन माली समाज के लिए विशेष उपलब्धि माना जा रहा है।

दिशा समिति 29 विभागों की 89 योजनाओं की समीक्षा एवं क्रियान्वयन की निगरानी करती है। इन योजनाओं में ग्रामीण विकास, स्वच्छता, जल संरक्षण, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं। समिति का उद्देश्य योजनाओं का समन्वित संचालन सुनिश्चित करना तथा लाभ को अंतिम छोर तक पहुँचाना है।

नवनियुक्त सदस्य उदयलाल माली ने कहा, “यह नियुक्ति मेरे लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू कर उनकी पहुँच हर जरूरतमंद तक सुनिश्चित करूँगा। हमारा प्रयास रहेगा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।”

राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा के प्रदेश महामंत्री गोपाल लाल माली ने कहा कि यह नियुक्ति पूरे माली समाज के लिए गर्व की बात है। मेवाड़ संभाग से माली समाज का कोई व्यक्ति पहली बार राज्य स्तर की समिति में शामिल हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे समाज में आत्मविश्वास बढ़ेगा और युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।

समाज के नेताओं ने उदयलाल माली को शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि वह ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे और समाज की आवाज़ को योजनाओं तक प्रभावी रूप से पहुँचाएँगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version