लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर दिल्ली। राजस्थान के जाने-माने युवा कलाकार रामखिलाड़ी मीना की कलाकृतियों का प्रदर्शन जनजातीय कार्य मंत्रालय,भारत सरकार द्वारा आयोजित ‘ट्राइबल आर्ट फेस्ट-2026’ ( TAF) में 2 मार्च से 13 मार्च तक त्रावनकोर पैलेस, नई दिल्ली में होगा।
राष्ट्रीय स्तर की इस कला प्रदर्शनी का उद्घाटन 2 मार्च को गृह मंत्री अमित शाह करेंगे ।
यह प्रदर्शनी 3 मार्च से 13 मार्च तक आम दर्शकों के लिए खुली रहेगी। इस कला महोत्सव में दौसा के चित्रकार रामखिलाड़ी मीना सहित देशभर के लगभग 70 प्रख्यात जनजातीय कलाकार सामुहिक रूप से अपनी उत्कृष्ट कलाकृतियों द्वारा जनजातीय लोककला, जनजीवन,रहन-सहन, वेशभूषा और समृद्ध सांस्कृतिक परम्पराओं का सौन्दर्यात्मक भावनात्मक प्रदर्शन करके इतिहास रचेंगे।
कलाकार रामखिलाड़ी मीना दौसा के रहने वाले
कलाकार रामखिलाड़ी द्वारा कैनवास पर एक्रेलिक और ऑयल माध्यम से सृजित ‘ ट्राइबल किचन ‘ और ‘ ट्राइब्स कल्चर ‘ दो कलाकृतियां इस प्रदर्शनी की शोभा बढ़ाएंगी।
उनके चित्रों में भारतीय आदिवासी लोक-संस्कृति की जीवंत अभिव्यक्ति है। कैनवास पर गतिशील स्त्री आकृतियाँ उत्सव, लय और सांस्कृतिक आत्मीयता का प्रभावी संप्रेषण करती हैं। लाल पृष्ठभूमि और पारंपरिक प्रतीकों का संयोजन लोक स्मृतियों को दृश्य रूप में सामने लाता है, जबकि रंगों और टेक्सचर का सशक्त प्रयोग चित्र में ऊर्जा और गति का संचार करता है।
संघर्ष और मेहनत के दम पर कला क्षेत्र में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न गतिविधियों, एकल प्रदर्शनीयों और समूह प्रदर्शनीयों में भाग लेकर रामखिलाड़ी ने अनेक अवार्ड और सफलताएं अर्जित करके कला क्षेत्र में नई पहचान स्थापित की है।
जनजातीय कला महोत्सव 2026 भारत की सांस्कृतिक और रचनात्मक अर्थव्यवस्था में जनजातीय कला को संरक्षित, बढ़ावा देने और मुख्यधारा में लाने, बाजार के अवसरों का विस्तार करने और कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद करेगा।


















































