लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा
राजसमन्द।
राजसमन्द जिले के कुंवारिया कस्बे में बीएसएनएल टावर के पास स्थित गली में ट्रांसफार्मर के समीप खुले पड़े बिजली के तारों से लगातार खतरा बना हुआ था। स्थानीय निवासियों की शिकायत के बाद आखिरकार बिजली विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार को ट्रांसफार्मर पर एलटी पैनल स्थापित कर दिया।
अब सभी खुली तारों को पैनल में सुरक्षित रूप से जोड़ दिया गया है, जिससे क्षेत्र में किसी भी प्रकार के विद्युत हादसे की आशंका समाप्त हो गई है।
करीब डेढ़ घंटे के प्रयास के बाद बिजली विभाग की टीम ने पूरा कार्य पूरा किया। इस दौरान अधीक्षण अभियंता बी.एस. शर्मा ने साइट पर पहुँचकर निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्य के दौरान एईएन कैलाश खिंची, जेईएन कमलेश रेगर, लाइनमैन कन्हैयालाल कुमावत, एफआरटी कर्ण सिंह, ताहिर हुसैन सहित विभाग की पूरी टीम मौजूद रही।
समय पर कार्य पूरा होने पर मोहल्लेवासियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया और कहा कि अब गली में बच्चों व राहगीरों के लिए पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित हो गई है।
