लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कांग्रेस को दी खुली चुनौती — कहा, “यदि कांग्रेस वंदे मातरम् गीत पूरा गाए जाने का समर्थन करे, तो मैं इसे उनकी विरासत मानने को तैयार हूँ।”
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क, जयपुर
(रूपनारायण सांवरिया)
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि “वंदे मातरम् गीत भारतीय राष्ट्रभावना की आत्मा है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज वंदे मातरम् को अपनी विरासत बताने का प्रयास कर रही है, जबकि उसकी असली विरासत भारत विभाजन और तुष्टिकरण की राजनीति रही है।
तिवाड़ी ने कहा कि मुसलमानों को तुष्ट करने के लिए कांग्रेस ने वंदे मातरम् गीत के अंशों को काटा और “संविधान की आत्मा में सुई चुभो दी।” उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा —
“यदि कांग्रेस यह स्वीकार कर ले कि वंदे मातरम् गीत पूरा गाया जाना चाहिए, तो मैं उसे कांग्रेस की विरासत मानने को तैयार हूँ।”
वंदे मातरम् का ऐतिहासिक संदर्भ
सांसद तिवाड़ी ने बताया कि वंदे मातरम् गीत 7 नवंबर 1875 को बंग दर्शन पत्रिका में बंकिमचंद्र चटर्जी द्वारा प्रकाशित किया गया था। वर्ष 1896 में रवीन्द्रनाथ ठाकुर ने कोलकाता अधिवेशन में इसे पहली बार गाया था।
1905 में बंग-भंग आंदोलन के दौरान यह गीत राष्ट्रीय आंदोलन की प्रेरणा बन गया।
उन्होंने कहा कि 1937 में कांग्रेस अधिवेशन के दौरान मौलाना मोहम्मद अली और शौकत अली ने इस गीत का विरोध किया और बीच में ही गान को रोक दिया। कांग्रेस नेताओं ने इस गीत को धर्म से जोड़कर इसके कई अंशों को हटा दिया क्योंकि इसमें मां दुर्गा, कमला और सरस्वती के नाम आते हैं।
कांग्रेस पर ऐतिहासिक आरोप
तिवाड़ी ने कहा कि कांग्रेस ने 1914 में मुस्लिम लीग से समझौता कर भारत विभाजन की नींव रखी थी और 1937 में वंदे मातरम् गीत को काटकर राष्ट्र की आत्मा से धोखा किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने न केवल बंकिमचंद्र चटर्जी और रवीन्द्रनाथ ठाकुर बल्कि डॉ. भीमराव आंबेडकर की आत्मा को भी ठेस पहुंचाई।
सांसद ने आगे कहा कि 1976 में कांग्रेस ने 42वें संविधान संशोधन के माध्यम से प्रस्तावना में बदलाव कर अपनी राजनीतिक विचारधारा थोपने का प्रयास किया।
भाजपा राष्ट्र एकता की दिशा में कार्यरत
तिवाड़ी ने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की राष्ट्रीय एकता और अखंडता को सशक्त करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा —
“राष्ट्र के लिए वंदे मातरम् उतना ही महत्वपूर्ण है जितना जन गण मन। भाजपा राष्ट्र की आत्मा को पुनः जागृत करने और एकात्मता की भावना को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है।”
प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक भी मंच पर उपस्थित रहे।
