लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत निकटवर्ती ग्राम पंचायत बिखरनियाकलां में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय से शुरू हुई तिरंगा यात्रा को प्रशासक प्रतिनिधि भीयाराम लोमरोड़ एवं प्रधानाचार्य सुखदेव सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
तिरंगा यात्रा में गांव के दोनों उच्च माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थी, विद्यालय स्टाफ, ग्रामीण एवं युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थी गांव के प्रमुख मार्गों से गुजरे। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से पूरा गांव देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
विद्यार्थियों में तिरंगा यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने भी यात्रा में शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। गांव में जगह-जगह तिरंगे के साथ निकली यात्रा ने राष्ट्रभक्ति का माहौल बना दिया।
राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का दिया संदेश
तिरंगा यात्रा के दौरान ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों से हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने पीटीआई रामपाल के नेतृत्व में अनुशासित ढंग से यात्रा में भाग लिया। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। यात्रा में युवाओं की सक्रिय भागीदारी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम में प्रशासक प्रतिनिधि भीयाराम लोमरोड़, प्रधानाचार्य सुखदेव सिंह, पीटीआई रामपाल, गणेश गोदारा, प्रकाश मौर्या, हंसराज लोमरोड़, परसाराम, युवा नेता महेंद्र लोमरोड़ सहित विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में युवा शक्ति उपस्थित रही।