लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
क्षय रोगियों को वितरित किए गए निक्षय पोषण किट
नागौर (प्रदीप कुमार डागा), 15 मई। राजस्थान धरोहर प्राधिकरण अध्यक्ष औंकार सिंह लखावत गुरुवार देर शाम मेड़ता दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया तथा मीरांबाई स्मारक में चल रहे विकास एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने मीरांबाई स्मारक पैनोरमा के विस्तार एवं मीरांबाई परियोजना से जुड़े विकास कार्यों को लेकर स्मारक के पास स्थित पुराने राजकीय चिकित्सालय परिसर में चिकित्सा विभाग को आवंटित 1891.24 वर्ग मीटर भूमि का अवलोकन किया। साथ ही स्मारक विस्तार योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट पर अधिकारियों से चर्चा की।
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत कार्यक्रम
इसके बाद औंकार सिंह लखावत टीबी मुक्त भारत अभियान के 100 दिवसीय अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने क्षय रोगियों को नि:शुल्क निक्षय पोषण किट वितरित किए।
उन्होंने कहा कि टीबी लाइलाज बीमारी नहीं है और इसका डॉट्स पद्धति के माध्यम से नि:शुल्क उपचार संभव है। उन्होंने आमजन से अपील की कि टीबी के प्रति जागरूक रहें और समय पर जांच एवं उपचार करवाएं।
पोषण और जागरूकता पर जोर
उन्होंने कहा कि निक्षय मित्रों के सहयोग से जरूरतमंद मरीजों को पोषण किट उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे उपचार के साथ-साथ पोषण सहायता भी मिल रही है।
ब्लॉक सुपरवाइजर इरफान रजा अंसारी ने बताया कि अभियान के तहत अब तक चार शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 280 लोगों के नि:शुल्क एक्स-रे किए गए और बड़ी संख्या में स्क्रीनिंग की गई है।
कार्यक्रम में मीरांबाई स्मारक प्रबंधक नरेंद्र सिंह, घनश्याम डालिया, श्रीकिशन डांगावास, महेश डालिया सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
