लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
तीसरी बार निकला प्रवासी युवाओं का आस्था काफिला, खानपुरा और पादूकलां में हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत
पादूकलां (नागौर)। रियांबड़ी उपखंड के ग्राम टेहला एवं डीडवाना-कुचामन जिले से जुड़े प्रवासी युवाओं का तनोट माता के दर्शनों हेतु 600 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा गुरुवार को मां आवड़ लक्ष्मी बाईसा महाराज के दरबार से आशीर्वाद लेकर रवाना हुई। यह यात्रा गुजरात के सूरत में व्यवसाय करने वाले युवाओं द्वारा आयोजित की गई तीसरी आस्था यात्रा है।
यात्रा की शुरुआत टेहला से हुई, जिसके बाद दल खानपुरा पहुंचा। यहां आवड़ लक्ष्मी बाईसा महाराज के मंदिर में दर्शन के बाद ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा और तिलक कर यात्रियों का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर यात्रियों ने अपने परिवार, देश, प्रदेश और व्यवसाय की उन्नति की कामना की।
इसके बाद दल पादूकलां पहुंचा, जहां मंदिर में आरती कर तनोट माता के दर्शन तक के लिए शक्ति और आशीर्वाद प्राप्त किया गया। यात्रा के दौरान स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं ने साइकिल यात्रियों का उत्साहवर्धन किया।
यात्रा दल खानपुरा, नथावड़ी, जलवाना, रेण, बुटाटी धाम, कुचेरा, मुंडवा, नागौर, श्री बालाजी नोखा, देशनोक करणी माता और बीकानेर होते हुए जैसलमेर स्थित तनोट माता मंदिर पहुंचेगा, जहां यात्रा का समापन होगा।
दल में मुरली सिंह लाखावत, भगवती सिंह बरेठ, गजराज सिंह बरेठ, संदीप सिंह बरेठ, हितेंद्र सिंह राठौड़, शिवदान सिंह सिंधायच, सिद्धार्थ सिंह, नंदकिशोर, प्रताप सिंह और शक्ति सिंह शामिल हैं।
यात्रा दल के सदस्यों ने कहा—
“आस्था से जुड़कर अपनी मिट्टी के संस्कारों और शरीर की क्षमता को परखने का यह एक प्रेरणादायी प्रयास है। तनोट माता तक की हर पैडल हमें शक्ति, संकल्प और संस्कारों से जोड़ती है।”













































