लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
आधुनिक युग में तकनीकी शिक्षा, ज्ञान, भाषा व संस्कार की अहम भूमिका: विधानसभा अध्यक्ष
भीलवाड़ा (विनोद सेन) — माणिक्य लाल वर्मा महाविद्यालय में आयोजित अमृत महोत्सव उद्घाटन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने विधायक निधि से निर्मित कंप्यूटर कक्ष और स्मार्ट कक्षा कक्षों का लोकार्पण किया।
देवनानी ने कहा कि अमृत महोत्सव, सफलता और उपलब्धियों का उत्सव है। बीते 75 वर्षों में इस महाविद्यालय ने अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को दिशा और उद्देश्य प्रदान किया है, जिन्होंने जिले और महाविद्यालय का नाम देशभर में गौरवान्वित किया है।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक युग में तकनीकी ज्ञान, शिक्षा, भाषा और संस्कार की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है, और समय का महत्व समझने वाला ही अपने लक्ष्य को प्राप्त करता है।
स्थानीय विधायक अशोक कोठारी द्वारा विधायक मद से जारी ₹15 लाख की राशि से निर्मित कंप्यूटर कक्ष व स्मार्ट कक्षा कक्षों का अवलोकन करते हुए देवनानी ने कहा कि आधुनिक तकनीक से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और ये कक्ष विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होंगे।
कार्यक्रम में महाविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।