लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)
उपखंड क्षेत्र के श्री दिगम्बर जैन सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र सुथड़ा में जैन धर्म के उन्नीसवें तीर्थंकर भगवान मल्लिनाथ का ज्ञान कल्याणक महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।
प्रबंध समिति अध्यक्ष महावीर प्रसाद पराणा एवं हेमंत जैन ने बताया कि भगवान मल्लिनाथ जैन धर्म के 19वें तीर्थंकर हैं। श्वेतांबर परंपरा में उन्हें एकमात्र महिला तीर्थंकर माना जाता है, जबकि दिगंबर परंपरा में वे पुरुष रूप में पूजे जाते हैं। वे आत्म-ज्ञान और मुक्ति का मार्ग दिखाने वाले महान तीर्थंकर रहे हैं। मारवाड़ क्षेत्र (बाड़मेर) में भी मल्लिनाथ भगवान लोक देवता के रूप में प्रतिष्ठित हैं।
महोत्सव की शुरुआत मंगलाष्टक और नित्य अभिषेक शांति धारा के साथ हुई। इसके पश्चात देव–शास्त्र पूजा, चौबीस भगवान की मूलनायक पूजा तथा मल्लिनाथ एवं नमिनाथ भगवान की पूजा कर जन्म–तप और ज्ञान कल्याणक के कार्यक्रम संपन्न हुए।
भक्तामर संयोजक हुक्मचंद जैन एवं बसंत जैन ने बताया कि शाम 7:30 बजे भक्तामर दीपार्चना आयोजित की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।














































