लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चिकित्सा सुविधाओं का शुभारंभ, राज्य स्तरीय विकास प्रदर्शनी भी आयोजित
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार 15 दिसम्बर को अपने कार्यकाल के दो सफल वर्ष पूरे करने जा रही है। इस अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहलों और विकास कार्यों को प्रदर्शित करेंगे।
मुख्यमंत्री की वर्षगांठ की गतिविधियाँ सांगानेर से शुरू होंगी, जहां वे पिंजरापोल गौशाला में गौसेवा करेंगे। इसके बाद रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करेंगे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री आरयूएचएस परिसर में आरोग्य कैम्प और रक्तदान शिविर में भी शामिल होंगे। इस अवसर पर वे चिकित्सा संस्थानों में 22 मदर लैब और 800 स्पोक्स का शुभारंभ करेंगे और लगभग 1,000 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित करेंगे। प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में नेत्र जांच शिविर का भी शुभारंभ किया जाएगा।
दोपहर में मुख्यमंत्री जवाहर कला केन्द्र में आयोजित राज्य स्तरीय विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इस प्रदर्शनी में आमजन को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
राज्य सरकार के दो वर्षों की यह वर्षगांठ सुशासन, विकास और जनहित के संदेश को आमजन तक पहुँचाने का अवसर मानी जा रही है।















































