Home latest सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में 13 और सड़कें मंजूर

सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में 13 और सड़कें मंजूर

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

   10 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

सुमेरपुर। विधानसभा क्षेत्र सुमेरपुर में सड़क तंत्र को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए 13 नई सड़कों के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। इस स्वीकृति से क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आवागमन सुगम होगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अनुशंसा पर सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने वर्ष 2026-27 की बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन को गति देते हुए 13 नॉन-पेचेबल (पूरी तरह क्षतिग्रस्त) सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए सैद्धांतिक सहमति प्रदान की है। विभाग के संयुक्त सचिव (पथ) पंकज आर्य द्वारा इस परियोजना को मंजूरी दी गई।

स्थानीय विधायक एवं पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि इस बजट राशि से कुल 24.10 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण एवं पुनर्निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के कई गांवों और ढाणियों को सीधा लाभ मिलेगा।

इन सड़कों में लापोद-बंसत सड़क (168 लाख रुपए), कानपुरा से फतापुरा सड़क (87.75 लाख रुपए), सुमेरपुर-भारूंदा-नोवी सीसी सड़क मय नाली (75 लाख रुपए), नेतरा से पराखिया संपर्क सड़क (135 लाख रुपए), पावा-हिंगोला सड़क (59.25 लाख रुपए), आशापुरा संपर्क सड़क (25 लाख रुपए), नेतरा से वरायी माता मंदिर सड़क (45 लाख रुपए) तथा मामाजी थान-किरवा सड़क (17.50 लाख रुपए) शामिल हैं।

इसके अलावा बूसी से पादरली तुर्कान (52.50 लाख रुपए), मादड़ी से राईकां की ढाणी (75 लाख रुपए), एनएच-62 से तोगावास की ढाणी (45 लाख रुपए), घूमटी से गढ़वाड़ा सड़क (90 लाख रुपए) तथा पाली-बोमदड़ा-पड़ासला खुर्द वाया बाणियावास (125 लाख रुपए) सड़क का भी निर्माण किया जाएगा।

मंत्री जोराराम कुमावत ने इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के कारण क्षेत्र की कई सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस निर्णय से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और विकास को नई दिशा मिलेगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version