लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विधानसभा में विधायक दल की बैठक, राज्यसभा नामांकन के साथ ‘12 साल विश्वास के’ अभियान पर जोर
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अभूतपूर्व विकास हुआ है और डबल इंजन सरकार प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से निरंतर जनसेवा कर रही है।
मुख्यमंत्री सोमवार को विधानसभा की हां पक्ष लॉबी में आयोजित विधायक दल की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डॉ. सतीश पूनिया एवं डॉ. अल्का गुर्जर के अनुभव का लाभ अब प्रदेश के साथ-साथ देश को भी मिलेगा। दोनों का राज्यसभा के लिए चयन राजस्थान के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ग्राम विकास रथ एवं ग्राम विकास चौपाल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से अंतिम पंक्ति तक विकास पहुंचाया जा रहा है। साथ ही वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत आमजन की भागीदारी से जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना सभी जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। इसी उद्देश्य से 5 जून से 21 जून तक ‘12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, कार्यशालाएं, सेमिनार एवं मंदिरों में आरती जैसे विभिन्न आयोजन कर आमजन को विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी।
विधायक दल की बैठक के पश्चात राज्यसभा प्रत्याशी डॉ. सतीश पूनिया एवं डॉ. अल्का गुर्जर ने रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, भाजपा संगठन महामंत्री अजय कुमार सहित कई विधायकगण उपस्थित रहे।