लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के उत्पादों की सराहना, ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा
जयपुर (आर एन सांवरिया)
ग्रामीण आजीविका विकास परिषद् (राजीविका) द्वारा आयोजित सुमंगल दीपावली मेला–2025 में स्कूल शिक्षा, पंचायती राज एवं संस्कृत शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने मेले का दौरा किया।
मंत्री दिलावर ने स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों को बारीकी से देखा और उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों में ग्रामीण परंपरा, गुणवत्ता और नवाचार का उत्कृष्ट मेल दिखाई देता है। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय उत्पादों की खरीदारी भी की।
फूड कोर्ट और पारंपरिक व्यंजन
मदन दिलावर ने राजीविका के फूड कोर्ट का भी भ्रमण किया और पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों का स्वाद चखा। उन्होंने कहा कि मेले में प्रस्तुत खाद्य सामग्री न केवल स्वाद में विशिष्ट है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के पाक कौशल और उद्यमिता का सशक्त उदाहरण भी है।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी का दौरा
मंत्री ओटाराम देवासी ने मेले के विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के उत्पादों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह मेला ग्रामीण महिलाओं को विपणन मंच प्रदान कर आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
मेले की प्रमुख बातें
-
मेले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आगंतुक पहुँच रहे हैं।
-
ग्रामीण उत्पादों के प्रति उत्साह और विश्वास का वातावरण देखने को मिल रहा है।
-
मेले में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए हस्तनिर्मित उत्पाद, पारंपरिक परिधान, हस्तशिल्प और प्रामाणिक व्यंजन विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
-
यह मेला 01 से 12 अक्टूबर 2025 तक इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, जयपुर में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजित किया जा रहा है।















































