लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। उपखंड क्षेत्र के सूंथड़ा स्थित श्री 1008 मुनिसुव्रतनाथ दिगम्बर जैन सुखोदय अतिशय तीर्थ में आचार्य निपूर्णनंदी जी महाराज का छह पिच्छी सहित ससंघ के साथ भव्य मंगल प्रवेश हुआ। प्रबंध कमेटी के महावीर प्रसाद पराना एवं सह-कोषाध्यक्ष मनोज जैन ने बताया कि आचार्य श्री का प्रवेश अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ।
श्रद्धालुओं ने जयघोष, मंगल कलश और पाद प्रक्षालन के साथ आचार्य ससंघ का स्वागत किया। प्रवेश के उपरांत आचार्य श्री के सान्निध्य में प्रिंस शास्त्री देवांश के निर्देशन में जिनाभिषेक व शांतिधारा (तीर्थरक्षक एवं पाण्डुकशिला शांतिधारा) विधिपूर्वक सम्पन्न हुई।
इसके पश्चात आचार्य ससंघ की आहार चर्या भी तीर्थ परिसर में अत्यंत पवित्रता और अनुशासन के साथ सम्पन्न हुई। पूरे क्षेत्र में इस अवसर पर स्वाध्याय, भक्ति और जयकारों की गूंज रही।
तीर्थ क्षेत्र के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री से धर्मोपदेश एवं आशीर्वचन का लाभ प्राप्त किया। दिन में 2:00 बजे सामईकी के उपरांत संपूर्ण ससंघ का विहार बनेठा की ओर हुआ।













































