लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
संतों का सान्निध्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेंगे आकर्षण का केंद्र
नावां सिटी (मनीष पारीक)। धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता के उद्देश्य से रविवार को स्टेशन नाडा स्थित बालाजी मंदिर परिसर में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर शनिवार को मंदिर परिसर में बैठक आयोजित कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
सम्मेलन के उपलक्ष्य में मातृ शक्ति के तत्वावधान में प्रातः विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ नर्बदेश्वर महादेव मंदिर से होगा, जहां भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना के पश्चात शोभायात्रा रवाना होगी। यात्रा में भगवान श्रीराम, नवदुर्गा और भारत माता की सजीव झांकियां शामिल रहेंगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा की जाएगी। कलश यात्रा स्टेशन नाडा बालाजी मंदिर पहुंचेगी, जहां मुख्य सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित होगा।
सम्मेलन में राष्ट्रीय आध्यात्मिक ज्ञान केन्द्र, किशनगढ़–रेनवाल के परम पूज्य श्री सुखदेव महाराज तथा डूंगरी कला, जोबनेर के पूज्य संत श्री हीरापुरी महाराज का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा। संतों के आशीर्वचनों से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन मिलेगा।
कार्यक्रम में मातृ शक्ति की ओर से भावना बजाज संबोधन देंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत श्याम बाल निकेतन स्कूल के छात्र-छात्राएं छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत करेंगे। वहीं सेवा बस्ती के बालक देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
आयोजन की संपूर्ण जिम्मेदारी संयोजक महेश यादव को सौंपी गई है, जो विभिन्न समितियों के सहयोग से कार्यक्रम व्यवस्थाओं का संचालन कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।








































