लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
युवाओं को सकारात्मक वातावरण मिले ताकि वे नशे से दूर रहें : कैलाश विश्नोई
जीवन में खेल से दशा और दिशा दोनों बदल सकती है : कुणाल ओझा
भीलवाड़ा | पंकज पोरवाल।
भीलवाड़ा | सोशल वेल्फेयर सोसायटी, भीलवाड़ा द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत निःशुल्क नशारोग एवं मनोरोग परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दाई हलिमा मैटरनिटी एवं जनरल हॉस्पिटल में नशारोग जागरूकता सेमिनार भी आयोजित हुआ।
नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तृत जानकारी
शिविर में मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. नसीम जहां ने मनोरोगियों को निःशुल्क परामर्श प्रदान किया। उन्होंने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से नशे के प्रकार, नशे की लत के कारण, तथा नशे के शरीर, परिवार, समाज और देश पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही नशा एक बीमारी है और इसके उपचार में रोगी, परिवार एवं समाज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
नशे से अपराध भी बढ़ते हैं : कैलाश विश्नोई
सेमिनार के मुख्य अतिथि सुभाषनगर थानाधिकारी कैलाश विश्नोई ने अपने संबोधन में कहा कि जहां नशा अधिक होता है, वहां अपराध भी ज्यादा होते हैं। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से नशे के रोगियों की संख्या घटेगी, जिससे अपराधों में कमी आएगी और पुलिस विभाग का कार्यभार भी कम होगा।
उन्होंने समाज से युवाओं को अच्छा वातावरण, खेल एवं मनोरंजन के पर्याप्त साधन उपलब्ध कराने का आह्वान किया ताकि युवा नशे की ओर आकर्षित न हों और सकारात्मक कार्यों में जुड़ सकें।
खेल जीवन की दिशा बदल सकते हैं : कुणाल ओझा
वरिष्ठ अधिवक्ता कुणाल ओझा ने कहा कि बढ़ती नशे की प्रवृत्ति के कारण अपराधों की गंभीरता बढ़ रही है और सहनशीलता घट रही है। उन्होंने कहा कि जीवन में खेल से दशा और दिशा दोनों बदली जा सकती है। साथ ही मोबाइल की बढ़ती लत पर भी नियंत्रण आवश्यक बताया।
वक्ताओं का किया गया सम्मान
सोसायटी के चेयरमैन मोहम्मद हनीफ रंगरेज ने जानकारी दी कि सेमिनार के सभी वक्ताओं को माला, पगड़ी एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। वहीं डॉ. फरियाद मोहम्मद को समाज सेवा के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
सोसायटी के सचिव मोहम्मद एजाज शेख ने बताया कि कार्यक्रम में राजस्थान वक्फ बोर्ड सदस्य शब्बीर अहमद शेख, मोहम्मद रफीक अंसारी, मोहम्मद असलम खान, मकसूद अली काजी, मुख्तार मीर, रमजान खान, नूर इलाही पठान, अरविंद मसीह, डॉ. फरजाना सिद्दीकी, माया मसीह, दीपक जाट, खान मोहम्मद, इकबाल छीपा सहित अनेक समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
















































