लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: नितिन मेहरा, अजमेर
अजमेर। राजस्थान में पुलिस उपनिरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से आयोजित कराने के लिए अजमेर जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जिला कलेक्टर लोक बन्धु ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हाई-टेक नकल पर सख्ती, ENT विशेषज्ञों की मदद
नकल रोकने के लिए इस बार हाई-टेक रणनीति अपनाई गई है। पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित करने के लिए विशेषज्ञों के साथ ENT डॉक्टरों की सेवाएं ली जा रही हैं। ये डॉक्टर पुलिस टीम को कान में छिपे ब्लूटूथ डिवाइस, विग या चश्मों में लगे गुप्त कैमरों जैसी तकनीकों की पहचान करने का प्रशिक्षण देंगे। इसके लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया जा रहा है।
बिना मूल आईडी के नहीं मिलेगा प्रवेश
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) से की जाएगी। अभ्यर्थियों को मूल आधार कार्ड और प्रवेश पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। दोनों के मिलान के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
स्टाफ के मोबाइल भी रहेंगे बंद
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सभी गतिविधियों की वीडियोग्राफी की जाएगी। केंद्र के अंदर मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। ड्यूटी पर तैनात स्टाफ के मोबाइल भी स्विच ऑफ कर अलमारी में सील किए जाएंगे।
अभ्यर्थियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं
प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक कमरे में कार्यशील दीवार घड़ी लगाना अनिवार्य किया गया है ताकि अभ्यर्थियों को समय का सही अंदाजा मिल सके।
सुरक्षा के कड़े प्रबंध
जिला पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अग्रवाला ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों को मोबाइल के उपयोग से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी थानाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। हर चार केंद्रों पर एक लायजनिंग अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मोबाइल दल और क्यूआरटी टीमें लगातार गश्त करेंगी, वहीं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे।
