लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीकरणपुर (श्रीगंगानगर):
श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा गांव 24 ओ भुट्टीवाला के पास हुआ, जहां एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
जानकारी के अनुसार, गजसिंहपुर थाना क्षेत्र के गांव 20 आरबी निवासी सुमित पुत्र टोपन दास ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। इसी दौरान गांव 24 ओ भुट्टीवाला के पास ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सुमित ट्रैक्टर के नीचे दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही श्रीकरणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर श्रीकरणपुर सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया।
श्रीकरणपुर थाना के एसआई माला सिंह ने बताया कि परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पंचनामा कर उन्हें सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
