- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ISI एजेंट, सेना की लोकेशन भेजता था पाकिस्तान
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा से सटे श्रीगंगानगर जिले में राजस्थान पुलिस की CID इंटेलिजेंस विंग ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एजेंसी ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने वाले पंजाब के एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो भारतीय सेना से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी पाकिस्तान भेज रहा था।
फिरोजपुर का रहने वाला प्रकाश सिंह उर्फ बादल गिरफ्तार
गिरफ्तार युवक की पहचान प्रकाश सिंह उर्फ बादल (34), निवासी–भांभा हाजी, फिरोजपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी श्रीगंगानगर के सैन्य क्षेत्र के आसपास संदिग्ध रूप से घूम रहा था। जांच में पता चला कि वह सेना की हरकतों, वाहनों की मूवमेंट, सैन्य ठिकानों और सीमा क्षेत्र में चल रहे नए निर्माण कार्यों की तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान भेज रहा था।
व्हाट्सऐप के जरिए ISI हैंडलरों से संपर्क
CID इंटेलिजेंस के IG प्रफूल कुमार ने बताया कि प्रकाश सिंह सोशल मीडिया, विशेष रूप से व्हाट्सऐप के माध्यम से पाकिस्तान स्थित ISI हैंडलरों के संपर्क में था।
सूत्रों का कहना है कि वह ऑपरेशन सिंदूर के समय से ही सक्रिय था और राजस्थान, पंजाब व गुजरात में सेना की गतिविधियों पर नजर रखकर उन्हें पाकिस्तान भेजता था।
जांच में मिल सकते हैं और भी बड़े खुलासे
गिरफ्तार किए गए ISI एजेंट से खुफिया एजेंसियां गहन पूछताछ कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में सीमा पार बैठी एजेंसियों के नेटवर्क, संपर्क सूत्रों और अन्य सहयोगियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
सीमा सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा था आरोपी
जांच में प्रारंभिक रूप से यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी भारतीय सेना की गतिविधियों की नियमित रूप से जासूसी करता था, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो रहा था। समय रहते CID इंटेलिजेंस की कार्रवाई ने एक बड़े संभावित खतरे को टाल दिया।
- Advertisement -














































