लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। नगीना नगरी नागौर के समीप अठियासन की धरा पर नवनिर्मित श्री श्रेयांसनाथ जैन कमल मंदिर का भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव सोमवार, 9 फरवरी से शुरू होगा। यह त्रिदिवसीय आयोजन पद्मश्री गच्छाधिपति श्रीमद विजय नित्यानंद सुरीश्वर जी की निश्रा में संपन्न होगा। महोत्सव को लेकर श्री त्रिभुवन जैन संघ ट्रस्ट द्वारा जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। देश भर से साधर्मिक बंधु इस स्वर्णिम अवसर का हिस्सा बनने के लिए नागौर पहुँच रहे हैं।
कार्यक्रम की रूपरेखा:
-
9 फरवरी: प्रातः गुरु भगवन्तों का मंगल प्रवेश, कुंभ स्थापना, दीपक स्थापना, ज्वाररोपण, नवग्रह पूजन, दस दिकपाल पूजन, अष्ट मंगल पाटला पूजन, क्षेत्रपाल पूजन, भैरव पूजन, नदावर्त पूजन और तीनों टाइम नवकारसी पूजन। रात्रि में भक्ति भावना।
-
10 फरवरी: 18 अभिषेक पूजन, धर्म सभा, वरघोड़ा और रात्रि भक्ति भावना।
-
11 फरवरी: परमात्मा की प्रतिष्ठा, अष्टोत्तरी शांतिस्नात्र पूजन और रात्रि भक्ति भावना।
-
12 फरवरी: द्वार उद्घाटन प्रातः 6 बजे।
मंदिर में विराजमान प्रतिमाएं:
मूलनायक श्री श्रेयांसनाथ भगवान, शंखेश्वर पार्श्वनाथ भगवान, मुनिसुव्रत स्वामी, गौतम स्वामी, आचार्य मानदेव सूरी (नाहर कुलगुरु), श्री नाकोड़ा भेरूजी, और पद्मावती माता की प्रतिमाएं प्राण प्रतिष्ठा के साथ विराजमान होंगी।
गुरु भगवन्तों और साध्वी साधकों का सानिध्य:
महोत्सव में पंजाब केसरी परम पूज्य आ. भ. श्रीमद विजय वल्लभसूरि समुदाय वर्तमान गच्छाधिपति, शांतिदूत, मृदुभाषी परम पूज्य आचार्य भगवंत श्रीमद विजय नित्यानंद सूरीश्वर जी महाराज साहेब सहित कई साधु-संत और साध्वी भाग लेंगे।
सुविधाएं और व्यवस्थाएं:
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेश पी. नाहर, पुणे ने बताया कि गुरु भगवन्तों के ठहरने, गोचरी पानी और अन्य व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। मंदिर के समीप ही नाहर कुलदेवी भवानी माता का मंदिर स्थित है, जहां प्रतिदिन भक्तों को पूजा सेवा का लाभ मिलेगा।
भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम:
त्रिदिवसीय रात्रि भक्ति भावना में सुप्रसिद्ध गायक श्रेयांश सिंघवी और श्रेणिक नाहर द्वारा प्रभु के भजनों की सुंदर प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
यह आयोजन नागौर और आसपास के क्षेत्र के जैन साधर्मिक समाज के लिए एक ऐतिहासिक अवसर होगा।

















































