लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। नागौर में शनिवार को श्री दादा गुरूदेव इकतीसा पाठ का ऐतिहासिक और भव्य आयोजन हुआ। यह आयोजन जैसलमेर की स्वर्ण नगरी में आयोजित चादर महोत्सव के दूसरे दिन 7 मार्च को वैश्विक स्तर पर किया गया।
इस अवसर पर खरतरगच्छ संघ के श्रावक-श्राविकाओं ने भाग लेते हुए प्रथम दादा श्री जिनदत्त सूरी के प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा प्रकट करते हुए इकतीसा पाठ किया।
खरतरगच्छ संघ के मीडिया प्रभारी प्रदीप डागा ने बताया कि दादा गुरूदेव इकतीसा पाठ को लेकर नागौर में यह आयोजन ऐतिहासिक और भव्य रहा। कार्यक्रम में दादा गुरूदेव इकतीसा का लयबद्ध और एकत्व भाव के साथ सस्वर पठन किया गया, जो गुरु के प्रति श्रद्धा और आस्था व्यक्त करने का अनुपम अवसर है।
उन्होंने बताया कि भावपूर्वक स्मरण और इकतीसा जाप अत्यंत प्रभावकारी माना जाता है।
यह आयोजन कनक आराधना भवन में सुबह 11:30 बजे से 12:30 बजे तक हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने भाग लिया।
चादर महोत्सव के दूसरे दिन हुए इस आयोजन में स्थानीय स्तर पर भी बहुत अच्छी व्यवस्थाएं रही और श्रद्धालुओं में कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। इस दौरान श्रावक-श्राविकाओं ने दादा गुरूदेव इकतीसा का जाप कर गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।





















































