शिक्षा, समाज और राष्ट्र जीवन पर अखिल भारतीय समन्वय बैठक संपन्न

0
43
- Advertisement -

लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क

जोधपुर ।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक का समापन जोधपुर के लालसागर में आयोजित पत्रकार वार्ता के साथ हुआ। अ. भा. प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने शिक्षा, समाज, राष्ट्रीय जीवन और संघ शताब्दी वर्ष की योजनाओं पर विस्तार से जानकारी साझा की। वार्ता में जोधपुर प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा, अ. भा. सह प्रचार प्रमुख प्रदीप जोशी और सह प्रचार प्रमुख नरेन्द्र ठाकुर भी उपस्थित रहे।

 आंबेकर ने बताया कि बैठक में शिक्षा क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी गई। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, विद्या भारती, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, भारतीय शिक्षण मंडल और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जैसे संगठनों ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन के अनुभव साझा किए। मातृभाषा में शिक्षा को बढ़ावा देने, भारतीय ज्ञान परंपरा को पाठ्यक्रम में शामिल करने, और शिक्षकों के प्रशिक्षण हेतु नए प्रयासों पर काम किया जा रहा है। पुस्तकों के पुनर्लेखन और शिक्षा के भारतीयकरण की दिशा में भी कार्य प्रगति पर है।

सामाजिक मुद्दों पर चर्चा करते हुए उन्होंने पंजाब में नशे की बढ़ती समस्या और मतांतरण को लेकर चिंता व्यक्त की। सेवा भारती और विद्यार्थी परिषद द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान समाज जागरण का महत्वपूर्ण पहलू बने हैं। पश्चिम बंगाल में घुसपैठ और नागरिक सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में घटती हिंसा और बढ़ते विकास की दिशा को सकारात्मक बताया गया। मणिपुर में संवाद आधारित शांति प्रयासों की सराहना की गई।

जनजातीय क्षेत्रों में नक्सली हिंसा में आई कमी का उल्लेख करते हुए वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा छात्रावासों और जनजातीय अधिकारों के लिए किए जा रहे कार्यों को साझा किया गया। जनजातीय समाज तक भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय विचार पहुँचाने पर बल दिया गया।

संघ शताब्दी वर्ष की योजनाओं का भी विस्तार से उल्लेख किया गया। पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य और सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 2 अक्टूबर 2025 को नागपुर में विजयादशमी उत्सव के साथ शताब्दी वर्ष का औपचारिक शुभारंभ होगा।

महिला सहभागिता पर विशेष ध्यान देते हुए  आंबेकर ने बताया कि क्रीड़ा भारती द्वारा महिला खिलाड़ियों में योग, अध्ययन और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा दिया जा रहा है। ऑपरेशन सिंदूर के तहत महिला कार्यकर्ताओं द्वारा 887 कार्यक्रम आयोजित किए गए। संगठनों में महिलाओं की भागीदारी निरंतर बढ़ रही है।

मतांतरण, घुसपैठ, काशी-मथुरा जैसे मुद्दों पर विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि इन समस्याओं का समाधान संघर्ष या आंदोलन से नहीं, बल्कि संवाद और कानूनी उपायों से खोजा जाएगा। भाषा के प्रश्न पर मातृभाषा में प्राथमिक शिक्षा की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि सभी भारतीय भाषाओं का सम्मान जरूरी है। अंग्रेजी का विरोध नहीं, बल्कि भारतीय भाषाओं को शिक्षा और प्रशासन में उचित स्थान दिए जाने की आवश्यकता है।

6 सितंबर की रात्रि में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोकगायक अनवर खान ने प्रस्तुति दी, जिसका सरसंघचालक जी ने अभिनंदन किया। वार्ता के समापन पर श्री सुनील आंबेकर ने कहा कि दिशा सकारात्मक है, और शताब्दी वर्ष के तहत प्रारंभ किए गए प्रयास आगामी वर्षों में भी निरंतर जारी रहेंगे।

यह बैठक शिक्षा, सामाजिक जागरण, राष्ट्र निर्माण और महिला सहभागिता जैसे विषयों पर संगठित प्रयासों का मार्ग प्रशस्त करती है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here