लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक): उपखंड क्षेत्र के श्री दिगम्बर जैन सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र सुथड़ा में जैन धर्म के 10वें तीर्थंकर शीतलनाथ भगवान का ज्ञान कल्याणक महोत्सव आज बड़ी भव्यता से मनाया गया।
प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष महावीर प्रसाद डिकोलिया और मनोज जैन बनेठा ने बताया कि शीतलनाथ भगवान कठिन तपस्या और शांति, क्षमा, धैर्य एवं अहिंसा के उपदेशों के लिए प्रसिद्ध थे। उनका केवलज्ञान पौष कृष्ण चतुर्दशी (बेल वृक्ष के नीचे) हुआ और निर्वाण वैशाख कृष्ण द्वितीया को सम्मेद शिखर पर प्राप्त हुआ।
उन्होंने अपने जीवन में अहिंसा, संयम, करुणा और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया और लोगों को शांति और धर्म का मार्ग दिखाया।
महोत्सव की शुरुआत मंगलाष्टक और नित्य अभिषेक शांति धारा से हुई। इसके बाद देव शास्त्र पूजा, चौबीस भगवान की मुलनायक पूजा और शीतलनाथ भगवान की भव्य पूजा का आयोजन किया गया। शाम को साढ़े 6 बजे दीपार्चना संपन्न कर समारोह का समापन किया गया।
भक्तामर संयोजक हुक्मचंद जैन और नरेन्द्र जैन बनेठा ने बताया कि स्थानीय श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक इस महोत्सव में भाग लिया और भगवान शीतलनाथ के उपदेशों का स्मरण किया।









































