शीतला सप्तमी पर झोर क्षेत्र में अनोखे अंदाज में खेली होली

0
22
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

राजसमंद। जिले के झोर क्षेत्र में बुधवार को शीतला सप्तमी का पर्व पारंपरिक उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गांव में होली अनूठे अंदाज में खेली गई। रंग-गुलाल खेलते समय युवाओं ने महापुरुषों के जयकारे लगाए, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति और उत्साह से सराबोर हो उठा।

सुबह से ही गली-मोहल्लों में बच्चों के समूह गुलाल, अबीर और रंग लेकर निकल पड़े और एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की खुशियां मनाईं। छोटे बच्चों से लेकर युवाओं तक सभी ने आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ पर्व की शुभकामनाएं दीं।

महिलाओं ने की शीतला माता की पूजा

पर्व के अवसर पर सुबह तड़के करीब 5 बजे महिलाओं ने शीतला माता के स्थानक पर पहुंचकर पारंपरिक गीत गाते हुए पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने माता को प्रसाद अर्पित कर परिवार में सुख-शांति, आरोग्य और समृद्धि की कामना की। पूजा के दौरान पूरे गांव में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।

परंपरा के अनुसार नहीं जला चूल्हा

शीतला सप्तमी की परंपरा के अनुसार एक दिन पहले ही घरों में पापड़, ओलिया, पुड़िया सहित कई प्रकार के व्यंजन तैयार किए गए। बुधवार को किसी भी घर में चूल्हा नहीं जलाया गया और सभी ने बासोड़िया (एक दिन पहले बना भोजन) ग्रहण किया।

आसपास के गांवों में भी रहा उत्साह

झोर क्षेत्र के रकमपुरा, मुरड़ा, गोवलिया, उलपुरा, गलवा, बुद्धपुरा, काबरी, जोधपुरा और कुंवारिया सहित आसपास के गांवों में भी बच्चों और युवाओं ने रंग-गुलाल से होली खेलते हुए पर्व का आनंद लिया।

गांवों में दिनभर चहल-पहल रही और रंगों के इस उत्सव को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर महिलाओं ने भी आपस में होली खेलकर पर्व की खुशियां साझा कीं।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here