लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, महिलाओं ने किए विशेष धार्मिक अनुष्ठान
उनियारा | (सत्यप्रकाश मयंक) शहर में षटतिला (पुत्रदा) एकादशी के पावन अवसर पर धार्मिक आयोजनों की धूम रही। नगर के प्रमुख मंदिरों—चारभुजा नाथ, राम रघुनाथ, छप्पन जी महाराज, प्याल के बालाजी एवं सत्यनारायण मंदिर—में प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई।
षटतिला एकादशी के अवसर पर श्रद्धालु महिलाओं ने पवित्र सरोवर में स्नान कर मंदिर की सीढ़ियों को धोया, दीप प्रज्वलित किए तथा पुष्प अर्पित कर मंदिर में प्रवेश किया। इसके पश्चात भगवान की विशेष पूजा-अर्चना करते हुए भजन-कीर्तन के साथ 108 परिक्रमाएं लगाईं। परिक्रमा पूर्ण होने के बाद मंदिर परिसर में बैठकर भजनों के माध्यम से प्रभु का गुणगान किया गया।
इस अवसर पर पंडित अमित भारद्वाज द्वारा भगवान राम रघुनाथ जी की आकर्षक झांकी सजाई गई तथा श्रद्धालु महिलाओं को एकादशी की कथा का श्रवण कराया गया। राम रघुनाथ मंदिर के रमेश जांगिड़ ने बताया कि पद्मपुराण के अनुसार षटतिला एकादशी का व्रत करने से पूर्व जन्मों के पापों का नाश होता है। इससे दरिद्रता, रोग एवं मानसिक कष्ट दूर होते हैं तथा भगवान श्रीहरि विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है। मान्यता है कि इस व्रत को करने वाला व्यक्ति वैकुंठ लोक को प्राप्त करता है।
उन्होंने बताया कि इस दिन तिल से स्नान करना, तेल का उबटन लगाना, तिल से तर्पण, तिल का हवन, तिल का दान एवं तिल का सेवन करना अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। श्रद्धालु महिलाओं ने दिनभर उपवास रखकर सायंकाल फलाहार कर व्रत का पारण किया तथा विश्व शांति एवं परिवार के कल्याण की कामना की।
इस दौरान बावड़ी के चौक में लोगों ने गायों को हरा चारा खिलाया। वहीं चारभुजा नाथ मंदिर में चारभुजा सत्संग समिति द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया।
राम रघुनाथ मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में अनीता बढ़ाया, संतोष जांगिड़, गायत्री शर्मा, शांति खंडेलवाल, छवि जांगिड़, गुड्डी साहू, माया आकड़, अनीता सोनी, कैलाश सैनी, रिया नायक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला भक्त उपस्थित रहीं।













































