Home latest शहरी सेवा शिविर में मौके पर हुआ समस्याओं का निस्तारण

शहरी सेवा शिविर में मौके पर हुआ समस्याओं का निस्तारण

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नगर परिषद कार्यालय सभागार में नागरिकों को मिला त्वरित समाधान

नागौर/मकराना। (प्रदीप कुमार डागा) नगर परिषद कार्यालय सभागार में सोमवार को ‘शहरी सेवा शिविर’ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।

नगर परिषद आयुक्त श्रवण राम ने बताया कि शिविर का आयोजन वार्ड संख्या 05 से 08 के नागरिकों के लिए किया गया था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

शिविर के दौरान प्रशासनिक तत्परता दिखाते हुए कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और प्रमाण पत्र मौके पर ही जारी किए गए। इनमें 02 कृषि भूमि पट्टे, 01 पुनर्वैध पट्टा, 01 ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, 01 अनापत्ति प्रमाण पत्र, 13 विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र, 18 जन्म प्रमाण पत्र तथा 05 मृत्यु प्रमाण पत्र शामिल हैं।

इसके अलावा कई शिकायतों का भी तत्काल निस्तारण किया गया। इसमें सीवरेज से जुड़े 02 प्रकरण, सड़क मरम्मत एवं निर्माण का 01 प्रकरण तथा साफ-सफाई से संबंधित 03 मामलों का मौके पर समाधान कर आमजन को राहत प्रदान की गई।

शिविर में नगर परिषद के साथ-साथ चिकित्सा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जलदाय विभाग, विद्युत विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने भी स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और लोगों को लाभान्वित किया।

शिविर को सफल बनाने में नगर परिषद आयुक्त श्रवण राम, सहायक अभियंता सहदेव कुमार सबल, सुश्री विनीता चौधरी, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी असफाक अहमद, कनिष्ठ अभियंता हंसराज मीणा, ऋषिराज सिंह, भीम सिंह, कार्यालय सहायक बरकतुल्लाह, स्वास्थ्य निरीक्षक देवेन्द्र सिंह राठौड़ और वरिष्ठ सहायक अरविन्द पूनियां सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version