शांति समिति की बैठक: आपसी सद्भाव के साथ मनाएं त्योहार – जिला कलक्टर

0
46
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क


माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई – एसपी
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)

नागौर। आगामी त्योहारों को सौहार्द्र और शांति के साथ मनाने के उद्देश्य से सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर ने की।

जिला कलक्टर ने कहा कि मार्च माह विभिन्न धर्मों के त्योहारों का महीना है। जिलेवासी होली, धुलण्डी, रमजान, शीतलाष्टमी, नवरात्रि, चेटीचंड, ईद-उल-फितर, रामनवमी एवं महावीर जयंती जैसे पर्व आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचे। किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें।

उन्होंने जलदाय विभाग को अतिरिक्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा डिस्कॉम अधिकारियों को त्योहारों के दौरान कम्युनिटी कनेक्शन नहीं काटने के निर्देश दिए। मुंडवा नगर पालिका का विद्युत कनेक्शन पुनः जोड़ने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही शहर की रोड़ लाइटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त रोशनी बनाए रखने को कहा।

नगर परिषद आयुक्त को सफाई व्यवस्था सुधारने और बेसहारा पशुओं पर नियंत्रण के निर्देश भी दिए गए।

जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक या जातिवादी वैमनस्य फैलाने वाली पोस्ट साझा न करें। किसी भी स्थिति में कानून हाथ में न लें और तुरंत पुलिस को सूचित करें। असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए साइबर टीम सक्रिय है और राजकॉप सिटीजन एप के माध्यम से अभय कमांड सेंटर को सीधे सूचना दी जा सकती है। नीलकंठ अभियान के तहत नशे के विरुद्ध कार्रवाई जारी है। जनप्रतिनिधियों से वार्ड एवं बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगाने में सहयोग की अपील की गई।

बैठक में विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सुझाव दिए। शहर में बढ़ती चोरियों की रोकथाम, मुख्य मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने, गिनाणी तालाब की व्यवस्था दुरुस्त करने तथा सोशल मीडिया पर नियंत्रण के सुझाव रखे गए।

एएसपी आशाराम चौधरी ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। अपराध नियंत्रण में सीसीटीवी कैमरों की अहम भूमिका है, जिसके लिए जनसहयोग आवश्यक है।

बैठक में सीएलजी सदस्यों ने जुलूस मार्गों पर झूलते बिजली तार, सड़कों के गड्ढों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था तथा बाइक साइलेंसर की तेज आवाज पर नियंत्रण की मांग की।

जिला कलक्टर ने सभी सुझावों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और अपील की कि सभी नागरिक त्योहारों के दौरान शालीनता एवं सौहार्द बनाए रखें।

इस अवसर पर नगर परिषद आयुक्त एवं एसडीएम गोविंद सिंह भींचर सहित अन्य अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here