Home latest शादी की खुशियों में मचा हड़कंप, मिलावटी भोजन से 52 मेहमान बीमार

शादी की खुशियों में मचा हड़कंप, मिलावटी भोजन से 52 मेहमान बीमार

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

उनियारा | (दुर्योधन मयंक) उनियारा उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत कचरावता में आयोजित एक विवाह समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब भोजन करने के बाद बड़ी संख्या में मेहमानों की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

बुधवार, 29 अप्रैल को राजेश बैरवा की पुत्री के विवाह समारोह में शामिल बारातियों और मेहमानों ने भोजन किया। कुछ ही देर बाद कई लोगों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत होने लगी। बारात दूनी तहसील क्षेत्र के हाड़ौती गांव से आई थी।

देखते ही देखते कुल 52 लोग बीमार पड़ गए, जिससे पूरे समारोह में हड़कंप मच गया और खुशियों का माहौल चिंता में बदल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी बीमारों को अस्पताल पहुंचाया। इनमें से 42 लोगों को नैनवा उप जिला चिकित्सालय तथा 10 लोगों को टोंक के जिला सआदत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पतालों में अचानक मरीजों की संख्या बढ़ने से चिकित्साकर्मियों को भी अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। हालांकि समय पर उपचार मिलने से सभी मरीजों की हालत में सुधार हुआ और बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई।

स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा टीम सक्रिय

घटना की सूचना मिलते ही चिकित्सा विभाग सक्रिय हो गया। बीसीएमओ उनियारा डॉ. मनीष लोधी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम में ब्लॉक स्वास्थ्य पर्यवेक्षक रामहंस गुर्जर, नर्सिंग स्टाफ पूरणमल शर्मा, लैब टेक्नीशियन, स्वास्थ्य कार्यकर्ता मनभर देवी और संजू रेगर सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

टीम ने प्रभावित परिवारों और आसपास के घरों का सर्वे कर संभावित मरीजों की पहचान की तथा आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराईं। साथ ही लोगों को साफ-सफाई और सुरक्षित खानपान के प्रति जागरूक किया गया।

पीएचसी पलाई से डॉ. सुमन मीना भी लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रहे हैं।

इधर, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की टीम जयपुर से खाद्य सुरक्षा अधिकारी केशरी लाल शर्मा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और विवाह समारोह में परोसे गए खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। इनमें मिठाइयां, काजू कतली, गुलाब जामुन, रसगुल्ला, काजू-बादाम सहित अन्य खाद्य सामग्री शामिल है। इसके अलावा पीने के पानी और बचे हुए भोजन के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं।

प्रारंभिक जांच में अहम खुलासा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शादी में उपयोग की गई खाद्य सामग्री नैनवां के एक दुकानदार से खरीदी गई थी। हालांकि संबंधित दुकानदार द्वारा किसी प्रकार का बिल या खरीद का प्रमाण उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।

ग्रामीणों में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग

घटना के बाद क्षेत्र में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि खाद्य सामग्री विक्रेताओं, ढाबों, होटलों और जूस सेंटरों की नियमित जांच होती रहे तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है। गर्मी के मौसम में खुले में बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी की आवश्यकता बताई गई है।

जांच से खुलेगा मामला

फिलहाल सभी सैंपलों को प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि भोजन में किस प्रकार की मिलावट या लापरवाही हुई थी और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version