Home crime शादी कराने के नाम पर 20 लाख की ठगी, मुकदमा दर्ज ,नहीं...

शादी कराने के नाम पर 20 लाख की ठगी, मुकदमा दर्ज ,नहीं हुई कार्रवाई

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

बाड़मेर | समदड़ी न्यूज़ समदड़ी थाना क्षेत्र में शादी कराने का झांसा देकर 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। अरथंडी निवासी भीमसिंह राजपुरोहित ने समदड़ी थाने में पांच लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया है।

पीड़ित भीमसिंह राजपुरोहित ने बताया कि उनके पुत्र रमेश का विवाह नहीं हो पा रहा था। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने संपर्क किया और अच्छे रिश्ते में शादी कराने का भरोसा दिलाया। मामले में मुख्य आरोपी छैलसिंह बताया जा रहा है, जिस पर पहले भी इस तरह की धोखाधड़ी करने के आरोप लग चुके हैं।

मूठली गांव का है मामला

आरोपियों ने पीड़ित को लड़की दिखाने के लिए मूठली गांव बुलाया। लड़की पसंद आने के बाद आरोपियों ने रिश्ता आगे बढ़ाने के लिए पहले रुपये देने की शर्त रखी। इस दौरान आरोपी राजू सिंह ने स्वयं को माजीसा का भोपा बताते हुए अपनी कन्या खुशबू की शादी कराने की बात कही और आर्थिक स्थिति कमजोर होने का हवाला दिया।

बीस लाख रुपये ठगे

आरोप है कि लड़की की “अच्छी शादी” के नाम पर करीब 20 लाख रुपये खर्च होने की बात कहकर पूरी राशि लड़के पक्ष से ली गई। इसके बाद सगाई कराई गई और तीन से चार माह में शादी कराने का झांसा देकर अलग-अलग किश्तों में पैसे वसूल लिए गए।

एक साल से परेशान है भीमसिंह और उसका परिवार

निर्धारित समय में शादी नहीं होने पर पीड़ित ने जब दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करने लगे। परेशान होकर पीड़ित ने समदड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। सामाजिक स्तर पर दबाव बनाने पर आरोपियों ने रकम लेना स्वीकार करते हुए लौटाने का आश्वासन दिया, परंतु अब तक एक भी रुपया वापस नहीं किया गया है।

पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर इस गिरोह का पर्दाफाश करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य व्यक्ति के साथ इस प्रकार की धोखाधड़ी न हो।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version