लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा पखवाड़ा अभियान को लेकर गुरुवार को जयपुर में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन राठौड़, प्रदेश प्रभारी डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की साधारण कार्यकर्ता से देश के प्रधानमंत्री बनने तक की यात्रा हमें सिखाती है कि राष्ट्रहित के लिए निष्ठा, परिश्रम और सेवाभाव से असंभव भी संभव बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए पक्के घर, शौचालय, बिजली, स्वास्थ्य सेवा और आत्मनिर्भर भारत का सपना मोदी जी की दूरदर्शिता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “विधानसभा में बोलने की बजाय कांग्रेसी नेता सोशल मीडिया पर बयानबाजी करते हैं। जाति, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति अब नहीं चलेगी। मोदी जी प्रधान सेवक हैं और जनता की सेवा में समर्पित हैं।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि सेवा पखवाड़े को उत्साह के साथ मनाएँ और समाज में सेवा का भाव फैलाएँ।
डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल ने सेवा पखवाड़े को स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, नमो मैराथन, संगोष्ठियों और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रमों से जोड़ते हुए कहा कि यह अभियान देशभर में संगठन को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़े के माध्यम से युवाओं, महिलाओं और समाज के हर वर्ग को जोड़ना भाजपा का मुख्य उद्देश्य है।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से स्वविवेक से सेवा कार्यों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी ने सामान्य परिवार से निकलकर देश की सेवा का आदर्श प्रस्तुत किया है। हमें उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचाना है।”
कार्यशाला में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की गई, जिसमें प्रत्येक जिले और मंडल स्तर पर रक्तदान शिविर, खेलकूद प्रतियोगिताएँ, चित्रकला प्रतियोगिता, मैराथन, फोटो प्रदर्शनी और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। साथ ही आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान और जीएसटी के नए प्रावधानों पर जनता के बीच जागरूकता अभियान चलाने की योजना बनी।
कार्यशाला में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा, केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी, पूर्व अध्यक्ष अशोक परनामी, सांसद दामोदर अग्रवाल सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची के साथ युवा मैराथन का पोस्टर और टी-शर्ट का विमोचन कर कार्यक्रम को नई ऊर्जा प्रदान की गई।
यह सेवा पखवाड़ा अभियान न केवल भाजपा के कार्यकर्ताओं को सेवा में सक्रिय करेगा, बल्कि समाज में राष्ट्र निर्माण, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के साथ आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की प्रेरणा भी देगा।













































