लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
आधुनिक हेयर कलरिंग और उपचार की तकनीकों पर प्रैक्टिकल प्रशिक्षण, सौंदर्य व्यवसायियों को मिली गहन जानकारी
भीलवाड़ा । सेन क्षोरकार वेलफेयर सोसायटी, भीलवाड़ा के तत्वावधान में शहर के सैलून संचालकों और पार्लर मालिकों के लिए एक दिवसीय निःशुल्क हेयर ट्रीटमेंट वर्कशॉप का आयोजन पीएफसी गार्डन रिसोर्ट, आजादनगर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यशाला ‘‘गोदरेज प्रोफेशनल ब्राण्ड’’ के सहयोग से आयोजित की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य भीलवाड़ा के हेयर प्रोफेशनल्स को आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना और उनके कौशल को निखारना रहा।
सोसायटी के अध्यक्ष गोविन्द सेन ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य आकर्षण ‘‘गोदरेज प्रोफेशनल ब्राण्ड’’ के वरिष्ठ तकनीशियन नीरज कुमार, एरिया तकनीशियन सविता गहलोत और सेल्स मैनेजर पुष्कर द्वारा दिया गया प्रशिक्षण रहा। प्रतिभागियों को बोटोस्मूथ, हेयर ट्रीटमेंट तथा आधुनिक हेयर कलरिंग की विभिन्न तकनीकों का प्रैक्टिकल प्रदर्शन कर ‘देखो और सीखो’ पद्धति के माध्यम से गहन जानकारी प्रदान की गई।
इस निःशुल्क प्रशिक्षण से उपस्थित 50 से अधिक हैयर ड्रेसर और क्षोरकारों ने न केवल अपने कौशल में वृद्धि की, बल्कि ब्यूटी इंडस्ट्री के नवीनतम ट्रेंड्स से भी परिचय प्राप्त किया। सोसायटी के पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में सोसायटी के संस्थापक लादुलाल सेन, सचिव जितेंद्र सेन, कोषाध्यक्ष हेमराज सेन, संयोजक राजेश सेन, संरक्षक सतीश सेन सहित मंडल अध्यक्ष प्रवीण सेन, संजय सेन, दिनेश सेन, किशन सेन, दीपेश सेन, महेंद्र सेन, दीपक, महावीर, भारत सेन, रूपेश सेन सहित बड़ी संख्या में सौंदर्य व्यवसाय से जुड़े लोग मौजूद रहे।
यह कार्यशाला भीलवाड़ा में सौंदर्य और हेयर स्टाइलिंग क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है।










































