लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश
उन्हैल पीएचसी के लेबर रूम, महिला वार्ड और शौचालयों में मिली खामियां; बेड़ला उपस्वास्थ्य केंद्र पर लगा मिला ताला
उन्हैल, झालावाड़। झालावाड़ जिले के उन्हैल क्षेत्र में गंगधार उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश चंदेलिया ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उन्हैल और उपस्वास्थ्य केंद्र बेड़ला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के साथ अस्पतालों की आधारभूत व्यवस्थाओं और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया।
पीएचसी में सफाई व्यवस्था मिली असंतोषजनक
निरीक्षण के दौरान उन्हैल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लेबर रूम, महिला वार्ड और शौचालयों में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इस पर एसडीएम ने संबंधित प्रभारी को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने तथा नियमित स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बेड़ला उपस्वास्थ्य केंद्र पर मिला ताला
वहीं, निरीक्षण के दौरान उपस्वास्थ्य केंद्र बेड़ला के भवन पर ताला लगा हुआ मिला। एसडीएम ने मौके पर स्वास्थ्य केंद्र के संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
ग्रामीण सेवा शिविर का भी लिया जायजा
एसडीएम ने ग्राम पंचायत चायड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के फॉलोअप शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इसके बाद राजकीय प्राथमिक विद्यालय और राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चायड़ा के भवनों का भी निरीक्षण किया गया।
स्कूल के कमरे में दरार, बंद रखने के निर्देश
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चायड़ा के भवन के एक कमरे में दरार पाई गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एसडीएम ने संस्था प्रधान को संबंधित कमरे को पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने यह कदम किसी संभावित दुर्घटना से बचाव के लिए उठाया है। स्कूल प्रबंधन को विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।